कहने को तो महर्षि सांदीपनि राष्ट्रीय वेद विद्या प्रतिष्ठान में बच्चों को अच्छी से अच्छी शिक्षा प्रदान की जाती है, लेकिन इन दिनों इस प्रतिष्ठान का एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक अध्यापक बेरहमी से एक मासूम छात्र को लकड़ी से पीटता नजर आ रहा है। छात्र रो रहा है और माफी मांगता दिखाई दे रहा है, लेकिन इसके बावजूद भी अध्यापक को उस पर कोई दया नहीं आती और पूरी क्लास के बीच अध्यापक की यह निर्दयता जारी रहती है। कांग्रेस भी इस मामले पर सवाल उठाए हैं। हालांकि मामले में अब एफआईआर दर्ज कर ली गई है। 

पूरा मामला कुछ इस प्रकार है कि चिंतामन गणेश रोड पर महर्षि सांदीपनि राष्ट्रीय वेद विद्या प्रतिष्ठान है। इसका संचालन शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार द्वारा किया जाता है। इन दिनों इस प्रतिष्ठान के एक वीडियो ने यहां छात्रों के साथ किए जाने वाले व्यवहार की पोल खोल दी है, क्योंकि वीडियो में साफतौर पर यह दिखाई दे रहा है कि सामवेद के अध्यापक दत्त दास शेवड़े जिनके पास वार्डन का भी प्रभार है, वह एक छात्र को कक्षा के दौरान बस इतनी सी बात पर पीटते हैं कि यह छात्र दूसरे के बिस्तर पर जाकर सो गया था। बड़ी बात यह है कि घटना के दौरान यह बालक रोता रहा-चिल्लाता रहा लेकिन पूरी क्लास में से किसी ने भी अध्यापक को ऐसा करने से नहीं रोका और क्रूरता से वह बालक की पिटाई करता रहा।

ये भी पढ़ें- महाकाल मंदिर पहुंचे महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन, भोग आरती में किए दर्शन; व्यवस्थाओं की सराहना की

जिम्मेदार कुछ कहने को तैयार नही

यह वीडियो वायरल होने के बाद जमकर बवाल मचा हुआ है लेकिन महर्षि सांदीपनि राष्ट्रीय वेद विद्या प्रतिष्ठान के जिम्मेदार कुछ भी कहने को तैयार नहीं हैं। इस मामले में जब प्रतिष्ठा के सचिव प्रोफेसर वीरू पाक्ष वी जड्डडी पाल से बात करना चाही गई तो उन्होंने फोन तक नहीं उठाया। जबकि इस वीडियो में दिखाई दे रहे अध्यापक दत्तदास शेवड़े की भी कोई सफाई अब तक सामने नहीं आई है। उन्होंने भी अपना मोबाइल बंद कर रखा है।

थाने तक पहुंचा मामला

चिंतामण थाना प्रभारी हेमराज यादव ने बताया कि यह वीडियो हमारे संज्ञान में आया है। हमने पीड़ित छात्रा और अभिभावकों की काउंसलिंग की। नाबालिग के बयान और मेडिकल के बाद पुलिस ने बाल संरक्षण की धाराओं में कार्रवाई करते हुए धारा 115, 296 बीएनएस और 75 (82) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

ये भी पढ़ें- भांग और भस्म से सजे बाबा महाकाल, चतुर्थी पर अलौकिक रूप ने मोहा मन; भक्तों ने कतार में लगकर किए दर्शन

अध्यापक के साथ ही है वार्डन का भी प्रभार

इस वीडियो में अध्यापक दत्त दास शेवड़े छात्र के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जाता है कि उनके पास सामवेद पढ़ने के साथ ही वार्डन का भी प्रभार है। संभवतः इसीलिए अध्यापक शेवड़े ने छात्र को पढ़ाई की बात पर नहीं बल्कि दूसरे के बिस्तर पर सोने जैसी बात पर उसकी बेरहमी से पिटाई कर डाली। बताया जाता है कि इस मामले में अगर पुलिस सख्ती से पूछताछ करती है तो अध्यापक शेवड़े की क्रूरता के शिकार और भी छात्र सामने आ सकते हैं।

घटना पर कांग्रेस ने किया ट्वीट

इस पूरी घटना को लेकर कांग्रेस ने भी ट्वीट किया है और लिखा है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, आपके विधानसभा क्षेत्र के इस हैवान पर कारवाई कब तक…? महर्षि सांदीपनि वेद विद्या संस्थान में मासूमों पर यह अत्याचार अक्षम्य है। यदि अब भी आप और आपकी सरकार कार्रवाई नहीं करे तो मान लीजिएगा कि संवेदना और साहस दोनों समाप्त हो चुके हैं। एक मासूम को तालिबानी सजा देने वाले इस व्यक्ति की तुरंत गिरफ्तारी होना चाहिए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *