राजधानी भोपाल के ग्रामीण क्षेत्र में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। तेज रफ्तार कार के ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से घुस जाने के कारण यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उसमें फंसे युवकों को बाहर निकालने के लिए पुलिस को कार की बॉडी काटनी पड़ी।

पुलिस के मुताबिक, रेखा मेहर चंदेरी ग्राम पंचायत की सरपंच हैं और उनके पति गुलाब मेहर पंचायत सचिव हैं। हादसे में उनके बेटे हर्ष मेहर की मौके पर ही मौत हो गई। हर्ष अपने चाचा के बेटे सतीश मेहर, दोस्त लकी अहिरवार और गब्बर के साथ मंगलवार रात करीब 11:30 बजे चाय पीने के लिए निपानिया जाट की ओर जा रहा था। इसी दौरान उनकी कार आगे चल रहे भूसे से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। 

पढ़ें: हरदा में RTI कार्यकर्ता पर जानलेवा हमला, 10 नकाबपोशों ने हाईवे पर घेरकर पीटा; हाथ-पैर टूटे

ट्रॉली की एक हेडलाइट बनी मौत की वजह


हादसे में हर्ष मेहर, सतीश मेहर और लकी अहिरवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गब्बर गंभीर रूप से घायल है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। ईटखेड़ी थाना प्रभारी आशीष सप्रे के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रैक्टर की केवल एक हेडलाइट जल रही थी, जिससे पीछे से आ रही कार के चालक को वाहन का सही अंदाजा नहीं लग सका।

हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर परिजनों को सौंप दिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं ग्रामीणों में आक्रोश भी देखा जा रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *