बेटी ने एक युवक से प्रेम विवाह कर लिया तो पिता अवसाद का शिकार हो गया। इसी दौरान उसकी मां का निधन भी हो गया। मंगलवार को दिन में मां की तेरहवीं का कार्यक्रम करने के बाद अधेड़ ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
बिलखिरिया थाना पुलिस के अनुसार 55 वर्षीय दशरथ प्राइवेट ड्राइवरी करता था तथा थाना क्षेत्र में रहता था। पिछले दिनों उसकी माताजी का निधन हो गया था। दशरथ की बेटी ने कुछ समय पहले प्रेम विवाह कर लिया है। दशरथ को लगता था कि उसकी बेटी द्वारा कुटुम्ब के लड़के से ही शादी कर लेने के सदमे के कारण ही मां निधन हुआ है। मंगलवार को तेरहवीं का कार्यक्रम था। दिन में ब्राह्मणों को भोज कराने के बाद दोपहर में उसने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा पंचनामा बनाकर कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि करीब तीन महीने पहले उसकी बेटी ने अपने रिश्ते के भाई से शादी कर ली थी। शादी से पहले परिजनों और नाते-रिश्तेदारों ने बेटी को काफी समझाइश दी थी, लेकिन उसने किसी बात नहीं मानी और मर्जी से शादी कर ली। उसके बाद से पिता तनाव में था। अनुमान है कि इसी तनाव के चलते उन्होंने फांसी लगाई होगी।
ये भी पढ़ें- पटना-इंदौर एक्सप्रेस में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़, 311 जीवित कछुओं के साथ कोच अटेंडेंट गिरफ्तार
युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
गोविंदपुरा पुलिस के अनुसार 35 वर्षीय मनोज कुमार मूलतः उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। वह पुराना नगर गोविंदपुरा स्थित भेल के क्वार्टर में रहता था और गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कारखाने में काम करता था। यहां पर जिस मकान में वह रहता था उसके पास ही उसकी ससुराल है। मनोज की पत्नी व बच्चे लखनऊ में रहते हैं। यहां पर वह कमरे में अकेला ही रहता था। मंगलवार की सुबह वह काम पर नहीं गया था। देर शाम जब उसकी सास उसे चाय देने के लिए कमरे पर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था। पड़ोसियों की मदद से जब दरवाजा खोला गया तो अंदर मनोज फंदे पर लटका मिला। उसे तुरंत ही फंदे से उतारकर इलाज के लिए जयप्रकाश अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चेक करने के बाद मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मिली सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट नहीं मिला है जिसकी वजह से आत्महत्या की कोई वजह सामने नहीं आ सकी है।
