शिवपुरी जिले के पिछोर थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक सड़क हादसे में पिता-पुत्री समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना ग्राम श्रीनगर स्थित मंदिर के पास नए चौराहा मार्ग पर हुई, जब एक तेज रफ्तार कार ने पहले बाइक और फिर एक स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम हाउस भेजकर मर्ग कायम कर लिया है और गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए झांसी रेफर कर दिया गया है।
ये भी पढ़ें- बच्चों को जान से मारने की धमकी देकर महिला को बनाया बंधक, 11 दिन तक दुष्कर्म का आरोप, मामला दर्ज
सीधी टक्कर मारी, मौके पर ही दोनों की मौत
मृतकों में 40 वर्षीय रहम सिंह लोधी और उनकी बेटी प्रियंका लोधी शामिल हैं। प्रियंका 10वीं कक्षा की छात्रा थी। पिता-पुत्री पिछोर के शासकीय कन्या विद्यालय से प्रैक्टिकल परीक्षा खत्म होने के बाद अपनी डीलक्स मोटरसाइकिल से वापस अपने गांव निदानपुर लौट रहे थे। जैसे ही पिता-पुत्री ग्राम श्रीनगर के पास पहुंचे, सामने से आ रही सफेद रंग की तेज रफ्तार हुंडई ओरा कार ने उनकी मोटरसाइकिल को सीधी टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि पिता रहम सिंह और बेटी प्रियंका दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
अनियंत्रित होकर स्कूटी से भिड़ी कार, चालक की भी मौत
मोटरसाइकिल को टक्कर मारने के बाद कार पूरी तरह अनियंत्रित हो गई और आगे जाकर एक स्कूटी से जा भिड़ी। इस हादसे में कार चला रहे युवक की भी घटनास्थल पर ही जान चली गई। मृतक कार चालक की पहचान राहुल लोधी के रूप में हुई है, जो भौंती थाना क्षेत्र के ग्राम तिनधारी का निवासी था। कार की चपेट में आने से स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों की मदद से उसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे झांसी रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा बनाकर जांच शुरू कर दी है।