मध्य प्रदेश के सतना जिले से यातायात नियमों की खुली अनदेखी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में देखा जा सकता है कि एक जीप में क्षमता से कई गुना अधिक सवारियां भरी गईं और कई लोग वाहन की छत व बोनट पर बैठकर पहाड़ी रास्ते पर सफर कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो नागौद थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध कर्मदेश्वर नाथ पहाड़ के पास का है। पहाड़ी और घुमावदार मार्ग पर इस तरह की लापरवाही किसी बड़े हादसे को आमंत्रण दे सकती थी।

क्षमता से कई गुना अधिक भरी सवारियां

वायरल वीडियो में कमांडर/तूफान जैसी जीप में यात्रियों को ठूंस-ठूंस कर बैठाया गया है। गाड़ी के अंदर पैर रखने की जगह तक नहीं बची। इतना ही नहीं, कई युवक वाहन की छत और बोनट पर बैठे नजर आ रहे हैं। वाहन तेज रफ्तार में चलता दिखाई दे रहा है, जबकि न तो यात्रियों ने सुरक्षा के कोई उपाय अपनाए हैं और न ही चालक की ओर से सावधानी के संकेत मिलते हैं।

पढ़ें- MP: तीन मासूम बेटियों को जहर पिलाकर मां ने भी निगला विष, आलीराजपुर में सनसनी; पति गुजरात में मजदूरी पर

पहाड़ी रास्ते पर जोखिम और बढ़ा

कर्मदेश्वर नाथ पहाड़ के पास का मार्ग संकरा और घुमावदार है। ऐसे में यदि अचानक ब्रेक लगती, सामने से कोई वाहन आ जाता या वाहन का संतुलन बिगड़ता, तो छत और बोनट पर बैठे लोगों के सीधे सड़क पर गिरने की आशंका थी। इससे गंभीर चोट या जान जाने का खतरा भी हो सकता था।

नियमों की खुली अवहेलना

मोटर व्हीकल एक्ट के तहत ओवरलोडिंग और वाहन के बाहर बैठाकर सफर कराना स्पष्ट रूप से नियमों का उल्लंघन है। इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं ग्रामीण और अर्ध-शहरी इलाकों में अक्सर देखने को मिलती हैं। यह न सिर्फ संबंधित यात्रियों, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बनती हैं। वीडियो वायरल होने के बाद अब स्थानीय लोगों की नजर पुलिस और परिवहन विभाग की कार्रवाई पर टिकी है। 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *