सबलगढ़ इलाके के टेंटरा थाना के बाबरीपुरा नहर की पुलिया से एक महिला नहर में कूद गई। महिला अपने ससुर और पति के साथ बाइक से ससुराल जा रही थी, अपनी चप्पल गिरने की बात कहकर उसने पुलिया पर बाइक रुकवाई और देखते ही देखते नहर में छलांग लगा दी।
गांव गौदोली हार के रहने वाले रामलखन रावत के बेटे 25 वर्षीय ध्रुव रावत की पत्नी 22 वर्षीय सुमन रावत चार दिन पहले अपने मायके से पंचायत और समाज के दबाव में ससुराल रहने आई थी। वह इस शादी से नाखुश बताई जा रही है। फिलहाल 12 घंटे से महिला की तलाश की जा रही है।
बता दें कि जब महिला ने छलांग लगाई तब नहर में लगभग 2500 क्यूसिक पानी था। इस कारण सुमन लापता हो गई, जिसे रेस्क्यू के जरिए खोजा जा रहा है लेकिन अभी कोई महिला का सुराग नहीं मिला है। महिला के पति ध्रुव ने बताया कि वह अपने पिता और पत्नी के साथ कैमरा कला गांव स्थित एक देवस्थान से लौट रहे थे। बाबरीपुरा नहर के पास पहुंचने पर सुमन ने चप्पल गिरने की बात कहकर बाइक रुकवाई और अचानक दौड़कर पुलिया से नहर में छलांग लगा दी।
ये भी पढ़ें: Indore News: महामंडलेश्वर उत्तम स्वामी पर युवती ने लगाए आरोप, कांग्रेस नेता केके मिश्रा ने मांगा स्पष्टीकरण
टेंटरा थाना प्रभारी एसआई पारथ सिंह परिहार ने बताया कि चिन्नोनी गांव की रहने वाली सुमन रावत पिता बंटी रावत की शादी सबलगढ़ के गांव गौदोली हार के रहने वाले ध्रुव रावत पुत्र रामलखन रावत से 11 जुलाई 2024 को हुई थी। सुमन अपनी इस शादी से खुश नहीं थी इसलिए शादी के बाद से वह ज्यादातर मायके में ही रहती थी।
चार दिन पहले भी समाजिक पंचायत के बाद सुमन अपने मायके से ससुराल गई थी। सुबह पति और ससुर उसे कैमरा कला गांव में किसी देवस्थान पर ले गए थे और वहीं से लौटते समय सुमन ने नहर में छलांग लगा दी।
थाना प्रभारी ने बताया कि अभी हमारी प्राथमिकता महिला की तलाश है। उसके बाद जांच की जाएगी और मायके और ससुरालियों के बयानों के आधार पर ही किसी तरह का कोई निष्कर्ष निकलेगा।
