नए साल के स्वागत को यादगार बनाने के लिए मध्यप्रदेश पर्यटन निगम के और शहर के निजी होटल और रिसॉर्ट्स में खास तैयारियां की गई हैं। राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर 31 दिसंबर की रात को भव्य न्यू ईयर सेलिब्रेशन का आयोजन होगा, जहां लाइव म्यूजिक, डीजे नाइट, डांस फ्लोर, आकर्षक लाइटिंग और स्वादिष्ट व्यंजन मेहमानों को खास अनुभव देंगे। भोपाल के होटल पलाश रेसिडेंसी, 1909 ‘द क्राउन ऑफ भोपाल’ रूफटॉप रेस्टोरेंट, विंड एंड वेव्स, केरवा रिसॉर्ट और शान-ए-भोपाल रेल कोच रेस्टोरेंट में न्यू ईयर ईव पर विशेष कार्यक्रम रखे गए हैं। यहां देर रात तक संगीत, मनोरंजन और फूड फेस्ट का माहौल रहेगा।
लाइव बैंड और डीजे नाइट बनेगी आकर्षण
होटल पलाश रेसिडेंसी के मैनेजर विपिन कटारे ने बताया कि न्यू ईयर ईव पर 40×40 फीट का भव्य डांस फ्लोर, लाइव बैंड और आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था की गई है। बड़े डांस फ्लोर के साथ लाइव बैंड परफॉर्मेंस होगी। मुंबई से आए कलाकारों की प्रस्तुति और आकर्षक रेड-एंड-ब्लैक थीम पार्टी को खास बनाएगी। वहीं 1909 ‘द क्राउन ऑफ भोपाल’ में रूफटॉप पर लाइव डीजे और म्यूजिकल नाइट का आयोजन किया गया है, जहां गाला डिनर की भी व्यवस्था रहेगी।
अनलिमिटेड फूड और फन
पर्यटन निगम के होटल्स में न्यू ईयर ईव पर वेज और नॉन-वेज दोनों तरह के अनलिमिटेड व्यंजन परोसे जाएंगे। इसके साथ वेलकम ड्रिंक, स्नैक्स, डेजर्ट और फायरवर्क्स भी कार्यक्रम का हिस्सा होंगे। आधी रात को आतिशबाजी के साथ 2026 का स्वागत किया जाएगा।
यह भी पढ़ें-केंद्रीय मंत्री शिवराज बोले-राहुल गांधी कल्पनालोक में रहते हैं
प्राकृतिक माहौल में सेलिब्रेशन
केरवा रिसॉर्ट के मैनेजर अमित कुमार के अनुसार, रिसॉर्ट में प्राकृतिक वातावरण के बीच लाइव म्यूजिक के साथ न्यू ईयर मनाने की व्यवस्था की गई है। यहां मेहमान अपनी पसंद के व्यंजन ‘आ ला कार्ट’ मेन्यू से चुन सकेंगे। वहीं विंड एंड वेव्स और शान-ए-भोपाल रेल कोच रेस्टोरेंट में भी लाइव म्यूजिक के साथ वेलकम ड्रिंक और विशेष डिनर की सुविधा दी जाएगी।
यह भी पढ़ें-नववर्ष से पहले सियासी उबाल, अपनों से घिरे दिग्गी को विजयवर्गीय ने सराहा; सरदार पटेल से की तुलना
बुकिंग को लेकर दिख रहा उत्साह
जानकारी के अनुसार, न्यू ईयर पार्टी के लिए एडवांस बुकिंग तेजी से हो रही है। राजधानी के अलावा अन्य पर्यटन स्थलों पर स्थित होटल और रिसॉर्ट्स में भी 31 दिसंबर की शाम जश्न की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। होटल अशोका लेक व्यू एवं वहीं शान-ए-भोपाल रेल कोच रेस्टोरेंट के मैनेजर दिनेश शूरी ने कहा कि यहां लाइव म्यूजिक और खास डिनर के साथ मेहमानों का स्वागत किया जाएगा।
