मध्य प्रदेश में सर्दी ने एक बार फिर तीखा असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटे प्रदेश के लिए सबसे ठंडे रहेंगे। खासकर ग्वालियर-चंबल, रीवा और शहडोल संभाग में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे बना रहेगा। इसके बाद धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी शुरू होगी और दिन में हल्की गर्मी महसूस होने लगेगी।इस समय प्रदेश के सबसे ठंडे इलाके कटनी का करौंदी और शहडोल का कल्याणपुर हैं, जहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। राजधानी भोपाल और औद्योगिक शहर इंदौर में भी रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंड का असर बढ़ गया है।
13 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे
बीती रात प्रदेश के 13 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 10.4 डिग्री, इंदौर में 10.6 डिग्री, ग्वालियर में 11.2 डिग्री, उज्जैन में 12 डिग्री और जबलपुर में 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें-जूनियर डॉक्टर्स आर-पार के मूड में, स्टाइपेंड-बीमा को लेकर 15 दिन का अल्टीमेटम, जाएंगे हड़ताल पर
ग्रामीण और पहाड़ी इलाकों में ज्यादा ठंड
ग्रामीण और पहाड़ी इलाकों में ठंड ज्यादा असर दिखा रही है। पचमढ़ी, उमरिया और खजुराहो जैसे क्षेत्रों में पारा 9 डिग्री से नीचे बना हुआ है। वहीं रीवा, शिवपुरी, मंडला और दतिया में भी रातें बेहद सर्द रहीं। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल बारिश या घने कोहरे की संभावना नहीं है। दिन में तेज धूप निकलेगी, लेकिन भोपाल, सीहोर, गुना, ग्वालियर, भिंड और मुरैना में ठंडी हवाएं चलती रहेंगी। देर रात और अलसुबह ठंड का असर ज्यादा महसूस होगा।
यह भी पढ़ें-मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड की वापसी, कटनी में 3.5 डिग्री पारा, 13 शहरों में रातें ठंडी
आगे कैसा रहेगा मौसम
10 फरवरी को हल्का कोहरा, ठंड का असर बना रहेगा जबकि 11 फरवरी के दिन कई जिलों में हल्का से मध्यम कोहरा, बारिश का कोई अलर्ट नहीं मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 9 फरवरी से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो रहा है। इसका असर 12 फरवरी के बाद प्रदेश में दिख सकता है। तब मावठे की संभावना बन सकती है, लेकिन फिलहाल अगले पांच दिनों तक बारिश या ओलावृष्टि की आशंका नहीं है।
