मध्य प्रदेश में एक बार फिर सर्दी ने तीखा रुख अख्तियार कर लिया है। ग्वालियर, चंबल, सागर और रीवा संभाग के इलाके शीत लहर की चपेट में हैं। रविवार को ग्वालियर और दतिया समेत प्रदेश के 7 जिलों में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया गया है। सुबह के समय प्रदेश के 20 से अधिक जिले घने से मध्यम कोहरे में लिपटे रहे। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिन दिन-रात के तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा, लेकिन तीन दिन बाद फिर कड़ाके की ठंड लौटने के आसार हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को ग्वालियर, दतिया, निवाड़ी, छतरपुर, टीकमगढ़, पन्ना और सतना में सर्द हवाएं चलेंगी। इसके चलते इन जिलों में दिन का तापमान भी सामान्य से कम बना रहेगा। सुबह के समय ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा के साथ इंदौर, भोपाल, उज्जैन, रायसेन, शाजापुर, देवास, सीहोर, गुना, अशोकनगर और विदिशा में कोहरे का असर देखने को मिला।

खजुराहो में सबसे ज्यादा ठंड, पारा 3.6 डिग्री

बीती रात प्रदेश के 25 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। छतरपुर का खजुराहो लगातार दूसरी रात सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान 3.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। शिवपुरी में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री, राजगढ़ में 4.4 डिग्री, दतिया में 4.6 डिग्री, नौगांव में 5 डिग्री, रीवा में 5.5 डिग्री, मंडला में 6 डिग्री, पचमढ़ी में 6.4 डिग्री और उमरिया में 6.9 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश के बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 5.9 डिग्री रहा। भोपाल में 7.2, इंदौर में 6.9, उज्जैन में 9 और जबलपुर में 9.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

ये भी पढ़ें- 35 लाख लोगों ने शुरू किए हिंदी में हस्ताक्षर, इंदौर से शुरू हुआ आंदोलन जन-जन तक पहुंचा

पश्चिमी विक्षोभ के बाद और बढ़ेगी ठंड

सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि अगले दो दिनों तक शीतलहर और कोहरे को लेकर अलर्ट जारी है। फिलहाल उत्तरी भारत के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके आगे बढ़ते ही ठंड का असर और तेज होगा तथा तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। उन्होंने बताया कि उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर करीब 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर तेज रफ्तार जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही हैं, जिसका असर मध्यप्रदेश के उत्तरी हिस्से में साफ नजर आ रहा है।

कोहरे से रेल यातायात प्रभावित

घने कोहरे के चलते दिल्ली से मध्यप्रदेश आने वाली कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। मालवा एक्सप्रेस, पंजाब मेल और जनशताब्दी जैसी ट्रेनों की टाइमिंग प्रभावित हो रही है। मालवा एक्सप्रेस भोपाल में रोजाना 5 से 6 घंटे की देरी से पहुंच रही है और रविवार को भी इसका असर बना हुआ है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *