मध्य प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। एक साथ कई सिस्टम एक्टिव होने से प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में 45 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है, जबकि यह स्थिति 7 अप्रैल तक बनी रहने के संकेत हैं। इसके बाद मौसम साफ होते ही तेज गर्मी का दौर शुरू हो जाएगा।

चार सिस्टम ने बदला प्रदेश का मौसम

प्रदेश इस समय साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवात) और टर्फ लाइन से बने मजबूत सिस्टम की चपेट में है। दरअसल, प्रदेश के बीचोंबीच एक टर्फ लाइन गुजर रही है, जबकि दूसरी टर्फ ऊपरी स्तर पर सक्रिय है। इसके साथ ही पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी बने हुए हैं। इन चारों सिस्टम के संयुक्त असर से पिछले चार दिनों से आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को भी 20 से ज्यादा जिलों में ऐसा ही मौसम देखने को मिला।

अगले 24 घंटे में 45 जिलों में अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, भोपाल और ग्वालियर समेत 45 जिलों में तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है।इन सिस्टम्स के कारण प्रदेश में रोजाना 30 से 35 जिलों में मौसम अचानक बदल रहा है। कहीं तेज हवाएं चल रही हैं तो कहीं बारिश और ओलावृष्टि हो रही है।

इन जिलों में ओले गिरने की चेतावनी

शनिवार को जबलपुर, कटनी, छतरपुर, पन्ना और दमोह जिलों में ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा भोपाल, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, बैतूल, नर्मदापुरम, रायसेन, सागर, विदिशा, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, उमरिया, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, रीवा, सतना, मैहर, निवाड़ी और टीकमगढ़ में गरज-चमक के साथ बारिश और आंधी चल सकती है।

यह भी पढ़ें- MP बोर्ड रिजल्ट की उलटी गिनती शुरू, 15 अप्रैल के पहले नतीजे संभव, 16 लाख छात्रों को इंतजार

50 से 60 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेगी आंधी

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले चार दिन यानी 7 अप्रैल तक तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा। कुछ जिलों में हवा की अधिकतम रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है, जबकि अन्य जगहों पर 30 से 40 किमी प्रतिघंटा की गति से हवाएं चलेंगी।

7 अप्रैल से फिर बदलेगा मौसम

प्रदेश में मौसम की गतिविधियां अभी खत्म नहीं होंगी। 7 अप्रैल से एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने जा रहा है। इसके असर से 10 अप्रैल तक कहीं आंधी तो कहीं बारिश का दौर जारी रह सकता है।

यह भी पढ़ें-5 सेकंड में कई बार प्लेटफॉर्म के बीच घिसटा युवक, CCTV में कैद हुआ हादसा

इसके बाद शुरू होगा गर्मी का तेज दौर

मौसम सिस्टम के आगे बढ़ते ही प्रदेश में तापमान तेजी से बढ़ेगा। अप्रैल के दूसरे सप्ताह से गर्मी का असर साफ दिखाई देने लगेगा। महीने के आखिरी सप्ताह तक ग्वालियर, धार, खरगोन, बड़वानी और नौगांव-खजुराहो जैसे इलाकों में अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।दतिया, मुरैना, श्योपुर, बड़वानी, खरगोन और धार जिलों में गर्मी का असर ज्यादा देखने को मिलेगा। दरअसल, अप्रैल में प्रदेश के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में गर्म हवाएं चलती हैं, जिससे यहां भीषण गर्मी पड़ती है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *