मध्य प्रदेश में लगातार बदल रहे मौसम ने गर्मी की रफ्तार पर फिलहाल ब्रेक लगा दिया है। प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और हल्की बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। रीवा में दिन का तापमान 34 डिग्री से नीचे पहुंच गया, जबकि ग्वालियर, सतना, सीधी और नौगांव जैसे शहरों में भी मौसम अपेाकृत ठंडा रहा।मौसम विभाग ने शुक्रवार को ग्वालियर-चंबल और विंध्य क्षेत्र के 21 जिलों में आंधी और बारिश की संभावना जताई है। दूसरी ओर भोपाल, इंदौर और उज्जैन संभाग के कई जिलों में गर्मी का असर बरकरार रहने के संकेत हैं, जहां तापमान 40 डिग्री के आसपास बना रह सकता है।

इन जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

भोपाल मौसम केंद्र के मुताबिक ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, सिवनी और बालाघाट में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कई जगहों पर तेज हवाएं भी चलने के आसार हैं।

सीहोर में धूलभरी आंधी, कई जिलों में बरसे बादल

गुरुवार को नर्मदापुरम और श्योपुर में दिन के समय बारिश हुई, जबकि शाम होते-होते टीकमगढ़ में तेज बारिश दर्ज की गई। सीहोर में धूलभरी आंधी चली। ग्वालियर-चंबल, रीवा और शहडोल संभाग में दिनभर कहीं बादल तो कहीं तेज हवाओं का असर देखने को मिला। देर रात तक प्रदेश के 10 से ज्यादा जिलों में मौसम बदला रहा।

यह भी पढ़ें-फर्जी फैकल्टी के सहारे चल रहा अस्पताल, स्वास्थ्य विभाग ने दिए FIR और मान्यता रद्द करने के निर्देश

बड़े शहरों में ऐसा रहा तापमान

प्रदेश के प्रमुख शहरों में ग्वालियर सबसे ठंडा रहा, जहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में 39.3 डिग्री, इंदौर में 39.9 डिग्री, जबलपुर में 40.1 डिग्री और उज्जैन में 41 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। नरसिंहपुर सबसे गर्म जिला रहा, जहां पारा 42.4 डिग्री तक पहुंचा। वहीं रतलाम, धार, नर्मदापुरम, खरगोन, खंडवा और श्योपुर में भी तापमान 40 डिग्री से ऊपर बना रहा। दूसरी तरफ रीवा में 33.6 डिग्री, सतना और सीधी में 34.2 डिग्री, नौगांव में 34.6 डिग्री तथा दतिया और टीकमगढ़ में 35 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

लगातार आठवें दिन बदला रहा मौसम

प्रदेश में 30 अप्रैल से शुरू हुआ आंधी-बारिश का सिलसिला अब तक जारी है। गुरुवार को लगातार आठवें दिन कई इलाकों में मौसम बदला रहा। इसी वजह से अधिकांश शहरों में तापमान 40 डिग्री से नीचे बना हुआ है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।

यह भी पढ़ें-भोपाल के कई नामी जूस-लस्सी की दुकानों पर छापेमारी, सागर गैरे के खाने मिले कीड़े

क्यों बदल रहा मौसम?

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में फिलहाल दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन और एक ट्रफ लाइन सक्रिय है। इन्हीं सिस्टम्स की वजह से प्रदेश में आंधी, बादल और बारिश का दौर बना हुआ है। अगले दो दिन तक कई जिलों में ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है। हालांकि 10 और 11 मई से गर्मी फिर जोर पकड़ सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक 10 मई से एक नया सिस्टम सक्रिय होगा, जिसका असर अगले कुछ दिनों में देखने को मिल सकता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *