पहाड़ी राज्यों में लगातार हो रही बर्फबारी का असर अब मध्यप्रदेश में साफ नजर आने लगा है। उत्तर दिशा से आ रही सर्द हवाओं ने प्रदेश के तापमान को तेजी से गिरा दिया है। नतीजतन, भोपाल, शहडोल और रीवा संभाग समेत उत्तरी मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, वहीं कई जिलों में घना से मध्यम कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है।शहडोल जिले के कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान गिरकर 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। प्रदेश के करीब 25 शहरों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है, जिससे जनजीवन पूरी तरह ठिठुर गया है।

सर्द हवा मैदानी इलाकों की ओर बढ़ रही

मौसम विभाग के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के चलते वहां की सर्द हवा मैदानी इलाकों की ओर बढ़ रही है। शनिवार को उत्तर-पूर्व भारत के ऊपर करीब 12.6 किलोमीटर ऊंचाई पर 269 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली जेट स्ट्रीम ने भी ठंड को और तेज कर दिया। इसका सीधा असर मध्यप्रदेश के तापमान पर पड़ा।प्रदेश के मैहर, कटनी, उमरिया, शहडोल और अनूपपुर जैसे जिलों में तेज सर्द हवाएं चलीं। शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात शहडोल के बाद उमरिया दूसरा सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री दर्ज किया गया।

बड़े शहर भी ठंड की चपेट में

राजधानी भोपाल समेत बड़े शहरों में भी ठंड ने लोगों को कंपा दिया। भोपाल में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री, इंदौर में 9, ग्वालियर में 8.2, उज्जैन में 10 और जबलपुर में 8.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं राजगढ़-खजुराहो में पारा 5 डिग्री, मंडला में 5.4, रीवा में 5.5, नौगांव में 5.6 और पचमढ़ी-दतिया में 6.6 डिग्री तक लुढ़क गया।

यह भी पढ़ें-बरैया के बयान से कांग्रेस ने किया किनारा, पार्टी बोली-यह व्यक्तिगत राय, विधायक ने दिया स्पष्टीकरण

कोहरे ने बढ़ाई परेशानी

रविवार सुबह ग्वालियर, भिंड, दतिया, टीकमगढ़, निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना, सतना और रीवा में मध्यम कोहरा छाया रहा। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, रायसेन, सीहोर और विदिशा सहित कई जिलों में हल्का कोहरा देखने को मिला। कोहरे के कारण दिल्ली से मध्यप्रदेश आने वाली कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं, जिनमें मालवा, झेलम और सचखंड एक्सप्रेस ज्यादा प्रभावित हैं।

यह भी पढ़ें-तीसरी आंख की निगरानी में होंगी MP बोर्ड परीक्षाएं, पहली बार 200 परीक्षा केंद्रों में लग रहे कैमरे

आगे और बढ़ सकती है ठंड

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 19 और 21 जनवरी की रात से दो पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकते हैं। इसके अलावा राजस्थान के ऊपर सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर भी मध्यप्रदेश में देखने को मिल सकता है। ऐसे में 22-23 जनवरी के बाद प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed