भोपाल एयरपोर्ट पर सोमवार को घने कोहरे के कारण दृश्यता केवल 100 मीटर तक गिर गई और रनवे विजिबिलिटी रेंज (RVR) 150-250 मीटर रही, जो ऑपरेशनल मिनिमा से कम थी। इसके चलते कुछ समय तक उड़ानें नहीं चल सकीं। इस दौरान इंडिगो एयरलाइन की पुणे–भोपाल–पुणे फ्लाइट रद्द करनी पड़ी। आईएमडी, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) और एयरलाइंस के बीच इस दौरान लगातार समन्वय बनाए रखा गया। जैसे ही RVR 350 मीटर से ऊपर पहुंचा, जो CAT–II मिनिमा के अनुरूप है, सुरक्षा उपाय लागू किए गए और उड़ान संचालन सुचारू रूप से फिर शुरू हुआ। एयरपोर्ट पर पहली लैंडिंग सुबह 09:30 बजे हुई। शाम 4 बजे तक भोपाल एयरपोर्ट से 22 उड़ानें संचालित हुई हैं, जिनमें 3,182 यात्री सुरक्षित रूप से यात्रा कर चुके हैं। सभी उड़ान संचालन निर्धारित सुरक्षा नियमों के अनुसार जारी हैं।
