भोपाल में तैनात एडीजी (ट्रेनिंग) राजाबाबू सिंह के आवास के बाहर मंगलवार सुबह एक संदिग्ध घटना सामने आई। जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 6 बजे एक कार में सवार कुछ युवक उनके घर के बाहर पहुंचे और वहां अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए हंगामा करने लगे। एक युवक के हाथ में डंडा भी बताया गया है। यह पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। घटना के बाद राजाबाबू सिंह ने तुरंत शाहपुरा थाना पुलिस को सूचना दी और फुटेज भी सौंप दिए। साथ ही उन्होंने पुलिस कमिश्नर और पुलिस मुख्यालय को पत्र लिखकर मामले में सख्त कार्रवाई और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
ये भी पढ़ें- MP News: भोपाल समेत चार संभाग में गेहूं खरीद 1 अप्रैल से, बाकी जगह 7 से, 19 लाख किसानों ने रजिस्ट्रेशन कराया
राजाबाबू सिंह ने आशंका जताई है कि पुलिस प्रशिक्षण व्यवस्था में किए जा रहे उनके बदलावों से कुछ लोग नाराज हो सकते हैं, जिसके चलते उन्हें निशाना बनाया गया हो। उन्होंने हाल ही में पुलिस ट्रेनिंग में नैतिक और सांस्कृतिक मूल्यों को शामिल करने की पहल शुरू की है। उनका मानना है कि इससे पुलिसकर्मियों में अनुशासन और संवेदनशीलता बढ़ेगी, जिससे बेहतर पुलिसिंग संभव होगी।
ये भी पढ़ें- ‘कर्मश्री’ का विराट कवि सम्मेलन आज: डॉ. कुमार विश्वास समेत ख्यातनाम कवि करेंगे काव्य पाठ, सीएम यादव भी आएंगे
बता दें कि राजाबाबू सिंह 1994 बैच के IPS अधिकारी हैं और अपने सख्त अनुशासन व नवाचारों के लिए जाने जाते हैं। वे पहले BSF में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा चुके हैं और वर्तमान में मध्य प्रदेश में पुलिस प्रशिक्षण की कमान संभाल रहे हैं।