मुख्यमंत्री मोहन यादव शुक्रवार को ग्वालियर जिले के घाटीगांव स्थित शबरी माता मंदिर में आयोजित लाडली बहना सम्मेलन में बड़ी सौगात देंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में 1836 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित करेंगे। यह राशि मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना की 34वीं किस्त के रूप में दी जाएगी। प्रदेश सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को प्राथमिकता दे रही है। इसी क्रम में योजना के तहत नवंबर 2025 से मासिक सहायता राशि में 250 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। अब पात्र महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।

ये भी पढ़ें-  व्हाट्सएप पोस्ट विवाद: सुप्रीम कोर्ट ने एमपी पुलिस से मांगा जवाब, धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में एफआईआर

33 किस्तों में 54,140 करोड़ रुपये अंतरित

मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना जून 2023 में तत्कालीन शिवराज सरकार द्वारा शुरू की गई थी। इस योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है। जून 2023 से फरवरी 2026 तक योजना की 33 किस्तों का भुगतान किया जा चुका है। इस अवधि में महिलाओं के खातों में करीब 54,140 करोड़ रुपये की राशि सीधे भेजी गई है। प्रदेश सरकार का कहना है कि आगे चलकर योजना से जुड़ी महिलाओं को केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं रखा जाएगा। उन्हें कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से भी जोड़ा जाएगा, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और परिवार व समाज की प्रगति में भागीदारी कर सकें।

ये भी पढ़ें-  MP News: गैस सिलिंडर को लेकर परेशानी, सर्वर डाउन होने से ऑनलाइन बुकिंग ठप; मंत्री बोले-पर्याप्त स्टॉक मौजूद

सीएम ग्वालियर को देंगे 122 करोड़ के 54 विकास कार्यों की सौगात

सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ग्वालियर जिले में लगभग 122 करोड़ रुपये की लागत के 54 विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण भी करेंगे। इनमें करीब 62 करोड़ रुपये की लागत के 19 कार्यों का लोकार्पण और लगभग 60 करोड़ रुपये की लागत के 35 कार्यों का भूमि-पूजन शामिल है। इन कार्यों में सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुलैथ का नया भवन, डाडा खिरक तिघरा मार्ग पर सांक नदी पर बना उच्च स्तरीय पुल, उप स्वास्थ्य केंद्र बन्हेरी और शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में बनी नई सड़कें शामिल हैं। इसके अलावा आईएसबीटी के पास 100 सीटर श्रमिक विश्रामगृह, अंबेडकर धाम के दूसरे चरण में संग्रहालय निर्माण, आयुर्वेदिक महाविद्यालय में एनाटॉमी विभाग के लिए हॉल और छात्रावास सहित कई विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *