अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान ने कहा है कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति पर होने वाले अत्याचार के मामलों में मध्यप्रदेश सरकार त्वरित और प्रभावी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि जैसे ही एससी-एसटी से जुड़े अत्याचार की घटनाएं सामने आती हैं, प्रशासन तत्काल आवश्यक कदम उठाता है और पीड़ितों को नियमानुसार मुआवजा भी प्रदान किया जाता है। मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंत्री नगर सिंह चौहान ने सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल में विभाग की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश के एससी-एसटी बहुल 51 जिलों में विशेष एससी-एसटी पुलिस थाने कार्यरत हैं। इसके साथ ही 51 जिलों में 53 विशेष अत्याचार निवारण न्यायालय भी स्थापित किए गए हैं, ताकि मामलों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित किया जा सके।
