मध्यप्रदेश में गुरुवार से भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की शुरुआत हो रही है। बाकी संभागों में 15 अप्रैल से खरीदी शुरू होगी। इस बार खरीदी में देरी को लेकर सियासी माहौल भी गरमा गया है। जहां एक ओर सरकार किसानों के स्वागत की तैयारी में है, वहीं कांग्रेस इसे लेकर विरोध प्रदर्शन करने जा रही है। प्रदेशभर में करीब 19 लाख 40 हजार किसानों ने गेहूं बेचने के लिए पंजीयन कराया है। सरकार का दावा है कि इस बार खरीदी व्यवस्था को बेहतर और सुचारू बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उपार्जन केंद्रों पर किसान मोर्चा के पदाधिकारी खरीदी केंद्रों पर पहुंचकर किसानों का स्वागत करेंगे। कई जगह किसानों का तिलक लगाकर अभिनंदन करने की भी योजना है। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि खरीदी प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न हो।
