पिपलानी थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले 14 वर्षीय छात्र ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्र को ऑनलाइन ब्लू व्हेल गेम खेलने की लत थी। घटना के समय वह घर में अकेला था। पिपलानी पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अंश साहू (पिता नितिन साहू) के रूप में हुई है, जो श्रीराम कॉलोनी, छत्रसाल नगर का निवासी था।
अंश के माता-पिता एक निजी स्कूल में शिक्षक हैं। उसका ननिहाल भी छत्रसाल नगर में ही स्थित है। बताया गया कि हाल ही में अंश के नाना का निधन हुआ था। सोमवार को उनकी तेरहवीं का कार्यक्रम था, जिसमें शामिल होने के लिए परिवार के सभी सदस्य ननिहाल गए थे, जबकि अंश घर पर ही रुक गया था। दोपहर में जब परिजन उसे लेने घर पहुंचे, तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो रिश्तेदारों और पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खोला गया। अंदर का दृश्य देख सभी स्तब्ध रह गए। अंश फंदे से लटका हुआ था। परिजन तुरंत उसे नीचे उतारकर निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें- नागपुर AIIMS में मासूम ने तोड़ा दम, कफ सिरप ने फेल कर दी थीं दोनों किडनियां
टास्क पूरा करने खुदकुशी की
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा बनाकर मर्ग कायम किया। प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों ने बताया कि अंश ऑनलाइन ब्लू व्हेल गेम खेलता था। आशंका जताई जा रही है कि गेम से जुड़े किसी टास्क के प्रभाव में आकर उसने यह कदम उठाया हो, हालांकि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। यह घटना एक बार फिर बच्चों में ऑनलाइन गेमिंग, खासकर खतरनाक चैलेंज आधारित गेम्स के प्रति बढ़ती लत और उसके गंभीर परिणामों को लेकर चिंता खड़ी करती है। केंद्र सरकार द्वारा पहले इस तरह के कई ऑनलाइन खेलों को प्रतिबंधित किया जा चुका है, लेकिन दूसरे-दूसरे नाम से खतरनाक खेल अभी भी चल रहे हैं।
