राज्यसभा चुनाव की तीसरी सीट को लेकर मध्य प्रदेश की राजनीति में जोड़-तोड़ और दावों का दौर जारी है। इस बीच नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बीना से कांग्रेस विधायक निर्मला सप्रे को लेकर बड़ा दावा किया है। विजयवर्गीय ने कहा है कि राज्यसभा चुनाव में निर्मला सप्रे भाजपा के साथ रहेंगी और पार्टी प्रत्याशी का समर्थन करेंगी। हालांकि, भाजपा के इस दावे के बावजूद राजनीतिक गलियारों में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर निर्मला सप्रे का वोट किसे मिलेगा। इसका जवाब 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव के मतदान के दौरान सामने आ जाएगा। दरअसल, राज्यसभा चुनाव में विधायकों को मतदान के बाद अपना मतपत्र अपनी पार्टी के अधिकृत एजेंट को दिखाना होता है। यदि कोई विधायक ऐसा नहीं करता है तो उसका वोट अमान्य घोषित किया जा सकता है। वहीं विधानसभा से जुड़े जानकारों का कहना है कि यदि कोई विधायक क्रॉस वोटिंग करता है तो उसे कानूनी प्रमाण के रूप में उपयोग नहीं किया जा सकता।
ये भी पढ़ें- MP Weather Today: अगले हफ्ते मध्य प्रदेश में मानसून की हो सकती है एंट्री, कई जिलों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट
सप्रे कई बार दिख चुकी हैं भाजपा के कार्यक्रमों में
गौरतलब है कि निर्मला सप्रे वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर बीना सीट से निर्वाचित हुई थीं। लोकसभा चुनाव के दौरान वे भाजपा के कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से नजर आने लगीं और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समेत भाजपा नेताओं के साथ मंच साझा करती रहीं। इसके बाद से उन्हें भाजपा समर्थक माना जाने लगा, हालांकि उन्होंने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से औपचारिक इस्तीफा नहीं दिया है।
सोमवार को राज्यसभा चुनाव के नामांकन के दौरान निर्मला सप्रे मुख्यमंत्री निवास भी पहुंचीं। वहां उनकी मुख्यमंत्री और भाजपा नेताओं से मुलाकात ने राजनीतिक चर्चाओं को और हवा दे दी। इसके बाद कैलाश विजयवर्गीय ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि सप्रे भाजपा के साथ हैं और राज्यसभा चुनाव में भी पार्टी का समर्थन करेंगी।
ये भी पढ़ें- MP Rajya Sabha Election: BJP का केवट पर दांव, चुनाव के बहाने MP और UP के अति पिछड़ा वर्ग को साधने की रणनीति
तीसरी सीट पर मुकाबला रोचक हुआ
दूसरी ओर कांग्रेस अब भी निर्मला सप्रे को अपनी विधायक मान रही है। पार्टी ने उनकी सदस्यता समाप्त करने की मांग विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष कर रखी है। इस मामले में कानूनी प्रक्रिया अभी जारी है। प्रदेश की तीसरी राज्यसभा सीट पर मुकाबला दिलचस्प हो गया है। कांग्रेस ने पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन और भाजपा ने महेश केवट को उम्मीदवार बनाया है। दोनों दल जीत का दावा कर रहे हैं। निर्मला सप्रे वर्ष 2023 में बीना विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर विधायक निर्वाचित हुई थीं। इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान वे भाजपा के कार्यक्रमों और मंचों पर सक्रिय रूप से नजर आने लगीं। वहीं, कांग्रेस ने दल-बदल के आधार पर उनकी सदस्यता समाप्त करने की मांग विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष कर रखी है।
