मध्य प्रदेश में निगम और मंडल में होने वाली नियुक्तियों को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। भाजपा संगठन ने इस प्रक्रिया को लगभग पूरा कर लिया है और अब जल्द ही जिम्मेदारियों का बंटवारा किया जा सकता है। दिल्ली से लौटने के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने संगठनात्मक गतिविधियों को गति दी है। बताया जा रहा है कि नियुक्तियों से पहले नेताओं और कार्यकर्ताओं के कार्य, अनुभव और संगठन के प्रति योगदान की समीक्षा की गई है। पार्टी का जोर उन कार्यकर्ताओं पर है, जिन्होंने लंबे समय से जमीनी स्तर पर काम किया है और संगठन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाई है। ऐसे कर्मठ कार्यकर्ताओं को निगम-मंडल में जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना जताई जा रही है। बता दें हाल ही में प्रदेश संगठन ने संभाग और जिला प्रभारियों की नियुक्ति की है। इसके बाद से ही निगम-मंडलों में नियुक्तियों को लेकर भी अटकलें तेज हो गई।
