राज्य सरकार द्वारा धार्मिक शहरों में शराब दुकानों को बंद किए जाने के बावजूद संबंधित जिलों में शराब ठेकों की लाइसेंस राशि में वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2025-26 में इन जिलों में ठेकों की नीलामी कीमत वर्ष 2024-25 की तुलना में लगभग 19 प्रतिशत तक बढ़ गई है। राज्य सरकार द्वारा 19 नगरीय और ग्रामीण इलाकों के पवित्र क्षेत्र में शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया था। इसके तहत इन क्षेत्रों में संचालित शराब दुकानों को बंद कर दिया गया। वाणिज्यिक कर विभाग के अनुसार, बंद की गई दुकानों की लाइसेंस राशि को संबंधित नगरीय निाकय और पंचायतों की समीपवर्ती दुकानों में समायोजित करते हुए वर्ष 2025-26 के लिए ई-टेंडर के माध्यम से नए सिरे से शराब ठेकों की नीलामी की गई। इसके बाद कई जिलों में ठेकों की वार्षिक लाइसेंस राशि में वृद्धि दर्ज की गई है। विभाग की जानकारी के मुताबिक प्रदेश में 13 नगरीय और 6 ग्रामीण निकाय क्षेत्रों को पवित्र क्षेत्र घोषित किया गया है। इन क्षेत्रों में शराब बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित है।
