आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) की टीम ने रिश्वतखोरी के एक मामले में ग्राम पंचायत के सरपंच को 15 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी सरपंच ने गांव के एक गरीब ग्रामीण से उसकी टपरिया (झोपड़ी) में सुधार कार्य में रोड़े डालकर यह रिश्वत मांगी थी।
जानकारी के अनुसार, सिवनी जिले के ग्राम पलारी निवासी शिवचरण नागवंशी पिछले चार-पांच वर्षों से टपरिया बनाकर रह रहे हैं और उनके पास रहने के लिए कोई अन्य जगह नहीं है। जब उन्होंने अपनी जर्जर टपरिया में मरम्मत का काम शुरू करने की कोशिश की, तो ग्राम पंचायत के सरपंच रामगोपाल डेहरिया ने काम में बाधा नहीं डालने के बदले 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। सरपंच की मांग से परेशान होकर शिवचरण नागवंशी ने आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद ईओडब्ल्यू की टीम ने मामले का सत्यापन किया। इसमें रिश्वत की मांग सही पाई गई। इसके बाद टीम ने योजना बनाकर कार्रवाई की।
ये भी पढ़ें- Bhopal News: मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप, दिग्विजय सिंह पहुंचे चुनाव आयोग, एक घर में 37 नाम होने की शिकायत
सोमवार को ट्रैप दल ने ग्राम पलारी के बस स्टैंड के पास सरपंच रामगोपाल डेहरिया को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने मौके से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली। ईओडब्ल्यू अधिकारियों ने आरोपी सरपंच के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें- MP News: भाजपा का ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान’, आज जबलपुर में जुटेंगे वरिष्ठ नेतागण
