ग्वालियर जिले में आठवीं की छात्रा के साथ उसके ही साथ में पढ़ने वाले छात्र ने दुष्कर्म किया है। घटना के समय छात्रा घर पर अकेली थी। आरोपी सहपाठी घर में दाखिल हुआ और विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के इलाके की है।
घटना का पता उस समय चला जब आरोपी घर से भाग रहा था तो छात्रा की मां वहां पहुंच गई। मां के पूछने पर छात्रा ने पूरी घटना बता दी। पहले परिवार बदनामी के डर से खामोश रहा, लेकिन शनिवार रात को परिवार ने मामले की शिकायत की। पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी भी नाबालिग है और उसे बाल सुधार गृह भेजा गया है।
ये भी पढ़ें- शशांक बनकर शादाब ने बनाए युवती से संबंध, सच्चाई सामने आते ही मचा बवाल, केस दर्ज
बता दें कि शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में रहने वाली 14 वर्षीय नाबालिग पास ही एक स्कूल में कक्षा आठवीं की छात्रा है। शनिवार सुबह छात्रा घर में अकेली थी। छात्रा के पिता व मां काम पर गए थे। बड़ी बहन कोचिंग गई थी। सुबह 9.30 बजे छात्रा घर में अकेली थी। इसका फायदा छात्रा के स्कूल में ही पढ़ने वाले छात्र ने उठाया और घर में घुस गया। दुष्कर्म किया और जब नाबालिग ने शोर मचाया तो धमकी दी कि जान से मार देगा। इसी दौरान पीड़िता की मां वहां पहुंच गई। आरोपी ने पीड़िता की मां को धक्का दिया और मौके से भाग गया। पहले छात्रा और उसकी मां बदनामी के डर से चुप रहे, लेकिन बाद में लगा कि मामले की शिकायत करनी चाहिए।
पीड़ित छात्रा मां के साथ थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ शिकायत की। वहीं पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर आरोपी छात्र के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आरोपी को तलाश कर कुछ घंटों में हिरासत में ले लिया। आरोपी नाबालिग होने के कारण था उसे बाल सुधार गृह भेज दिया है। कोतवाली थाना प्रभारी मोहिनी वर्मा ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया है। वह भी नाबालिग है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
