राजधानी भोपाल के अरेरा हिल्स थाना क्षेत्र की एक बस्ती में रहने वाले युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव उसके ही घर में मिला, जबकि उसके मुंह से झाग निकल रहा था। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
युवक की पहचान और हालात
अरेरा हिल्स पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 21 वर्षीय विक्की सिलावट के रूप में हुई है, जो भीम नगर क्षेत्र में खेल छात्रावास परिसर के पास रहता था। बताया गया है कि वह फिलहाल कोई नियमित काम नहीं कर रहा था। गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात विक्की घर में बेहोशी की हालत में पड़ा मिला था।
अस्पताल में मृत घोषित
परिजन विक्की को तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि मौत किसी जहरीले पदार्थ के सेवन या किसी के द्वारा खिलाए जाने से हो सकती है, हालांकि स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
भाई ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक के भाई विकास सिलावट ने इसे हत्या का मामला बताते हुए पुरानी रंजिश का हवाला दिया है। उनका कहना है कि विक्की का मोहल्ले के एक युवक से पहले से विवाद चला आ रहा था और उसी युवक ने पूर्व में उस पर जानलेवा हमला भी कराया था। विकास का आरोप है कि उसी व्यक्ति ने विक्की की हत्या कराई होगी।
यह भी पढ़ें- भागीरथपुरा मामले में अफसरों पर गाज: सिसोनिया और श्रीवास्तव निलंबित, सीएम ने आयुक्त को हटाने के निर्देश दिए
आत्महत्या की संभावना से इनकार
परिजनों का कहना है कि विक्की आत्महत्या नहीं कर सकता। उनके अनुसार वह न तो किसी शारीरिक बीमारी से जूझ रहा था और न ही किसी मानसिक तनाव में था। इसी आधार पर परिवार को आशंका है कि या तो विक्की की गला दबाकर हत्या की गई है या फिर उसे कोई जहरीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया, जिससे उसकी मौत हुई।
पुलिस कर रही सभी पहलुओं की जांच
परिजनों ने पुलिस से हत्या के एंगल से जांच की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार, विक्की शादी और पार्टियों में वेटर का काम करता था। जिस युवक पर हत्या का आरोप लगाया जा रहा है, वह भी पहले इसी तरह का कार्य कर चुका है। पुलिस इन तथ्यों को भी जांच का हिस्सा बना रही है।
