11:28 AM, 25-Feb-2026
गौमांस टैक्स विवाद: जयवर्धन सिंह ने भाजपा सरकार को घेरा
प्रदेश में गौमांस को जीएसटी मुक्त किए जाने के मुद्दे पर जयवर्धन सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य दोनों जगह भाजपा की सरकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गौमांस की बिक्री को बढ़ावा देना चाहती है। साथ ही उन्होंने मांग की कि गौमांस पर 1000 प्रतिशत तक जीएसटी लगाया जाए।
11:18 AM, 25-Feb-2026
धर्मांतरण पर गरजे बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी, जिम-स्पा की जांच की मांग
प्रदेश में बढ़ते धर्मांतरण और कथित ‘लव जिहाद’ के मामलों को लेकर बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी ने कड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जिम और स्पा सेंटरों की जांच कराई जानी चाहिए, क्योंकि उनके अनुसार इन स्थानों के माध्यम से ही सर्वाधिक धर्मांतरण और लव जिहाद के मामले सामने आ रहे हैं। लोधी ने कहा कि वह इस मुद्दे को सदन में भी उठाएंगे और सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग करेंगे।
11:17 AM, 25-Feb-2026
मास्टर प्लान पर सियासी घमासान: जयवर्धन का सीएम पर बड़ा सवाल
कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने मास्टर प्लान को लेकर कहा कि कैलाश विजयवर्गीय जैसे वरिष्ठ मंत्री यदि यह कह रहे हैं कि अधिकारी उन्हें पूरी जानकारी नहीं दे रहे और फाइल सीधे मुख्यमंत्री के पास भेजी जा रही है, तो यह उनके विभागीय समन्वय की कमी को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि कैलाश विजयवर्गीय ने सदन में दावा किया था कि वे दो साल पहले ही मास्टर प्लान का अनुमोदन कर फाइल मुख्यमंत्री के पास भेज चुके हैं। इससे यह संकेत मिलता है कि फाइल मुख्यमंत्री स्तर पर लंबित है।
जयवर्धन सिंह ने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी क्या वजह है कि भोपाल का मास्टर प्लान आगे नहीं बढ़ रहा? उनका आरोप है कि जब तक मास्टर प्लान लागू नहीं होगा, तब तक सरकारी दफ्तरों में कथित लेनदेन और अवैध वसूली जारी रहेगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कहीं न कहीं भाजपा के लोग यही स्थिति बनाए रखना चाहते हैं।
10:54 AM, 25-Feb-2026
नेता प्रतिपक्ष सिंघार ने आरोप लगाया
विधानसभा बजट सत्र के आठवें दिन नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मास्टर प्लान को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार के मंत्रियों और मुख्यमंत्री के बीच खींचतान की स्थिति बनी हुई है। मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन विभाग के बीच तालमेल की कमी के कारण प्रदेश का मास्टर प्लान पिछले डेढ़ साल से अटका हुआ है। सिंघार ने आरोप लगाया कि मास्टर प्लान के ठप होने से अवैध कॉलोनियों का निर्माण तेजी से हो रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किन लोगों के संरक्षण में ये अवैध निर्माण कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे साफ जाहिर होता है कि सरकार पूरी तरह असंवेदनशील बनी हुई है।
10:01 AM, 25-Feb-2026
MP Assembly Session Live: सदन में उठा लव जिहाद का मुद्दा, बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी बोले- जिम-स्पा की जांच हो
मध्य प्रदेश विधानसभा बजट सत्र का आज आठवां दिन है। सदन में बुधवार को निराश्रित पशुओं से फसलों से नष्ट होने और यातायात बाधित होने का मामला गूंजेगा। कांग्रेस विधायक अजय सिंह राहुल इस मामले में पशुपालन मंत्री का ध्यानाकर्षण करेंगे। वहीं, डॉ. अभिलाष पांडेय, सदस्य, ने प्रदेश में बढ़ती आगजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और फायर सेफ्टी कानून तथा नियमित ऑडिट न किए जाने की स्थिति की ओर नगरीय विकास और आवास मामलों में ध्यान आकर्षित किया।
