11:36 AM, 19-Feb-2026
जर्जर स्कूल भवनों को लेकर उठा सवाल
भाजपा विधायक दिनेश राय मुनमुन ने सदन में जर्जर स्कूल भवनों का मुद्दा उठाया। उन्होंने स्कूलों की टूटी छतों के फोटो दिखाते हुए बाउंड्रीवाल और मूलभूत सुविधाओं के अभाव पर चिंता जताई। जवाब में स्कूल शिक्षा मंत्री ने बताया कि सिवनी विधानसभा क्षेत्र में 44 प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय भवन जीर्ण-शीर्ण स्थिति में हैं, जबकि 5 नए विद्यालय भवन स्वीकृत किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में करीब 1800 स्कूल भवनों को जर्जर चिह्नित किया गया है। अतिरिक्त कक्षों के निर्माण के लिए विभाग ने 1200 करोड़ रुपये की राशि जारी की है।
11:27 AM, 19-Feb-2026
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बजट को बताया अज्ञानी
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने विधानसभा परिसर में मीडिया के साथ बातचीत में बजट को लेकर कहा कि मध्य प्रदेश सरकार का बजट ज्ञानी (GYANII) नहीं अज्ञानी है। प्रदेश सरकार पर पांच लाख करोड़ रुपये का कर्ज हो चुका है। चालू वित्त वर्ष में ही करीब 70 हजार करोड़ रुपये से अधिक कर्ज लिया गया, जिसका ब्याज चुकाने में ही सरकार को हर साल 27 हजार करोड़ रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं।
11:24 AM, 19-Feb-2026
स्वास्थ्य मंत्री ने माना इंदौर में दूषित पानी से हुई 20 मौतें
विधानसभा में डिप्टी सीएम एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने लिखित जवाब में स्वीकार किया कि इंदौर में 21 दिसंबर 2025 से उत्तर दिए जाने तक दूषित पानी के कारण कुल 20 मौतों की आधिकारिक पुष्टि हुई है। सरकार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इस अवधि में 459 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से 4 मरीज अभी भी उपचाराधीन हैं।
मृत्यु के संभावित कारणों की पुष्टि के लिए NIRBI-कोलकाता, एमजीएम माइक्रोबायोलॉजी लैब और डीपीएचएल-इंदौर में जल एवं मरीजों के स्टूल सैंपलों की जांच कराई गई। प्रयोगशाला रिपोर्ट में कॉलेरा और ई.कोलाई संक्रमण की पुष्टि हुई है।
11:20 AM, 19-Feb-2026
सहरिया आदिवासियों को लेकर मुद्दा उठा
सदन की कार्रवाई के दौरान कांग्रेस विधायक मुकेश मलहोत्रा ने श्योपुर जिले के बेचिराग ग्राम ऊकल, सोहनदेह और श्यामपुरा में सहरिया आदिवासियों को वन विभाग द्वारा हटाए जाने और कथित रूप से परेशान किए जाने का मुद्दा उठाया।
इस पर राजस्व मंत्री ने स्पष्ट किया कि वन भूमि पर किसी को बसाने का प्रावधान नहीं है। वहीं विधानसभा अध्यक्ष ने आसंदी से कहा कि सहरिया आदिवासियों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। उन्होंने मंत्री को कलेक्टर को आवश्यक निर्देश देने के लिए कहा।
10:52 AM, 19-Feb-2026
ख्याली पुलाव की खाली थाली लेकर पहुंचे कांग्रेस विधायक

खाली थाली लेकर कांग्रेस विधायकों का प्रदर्शन
– फोटो : अमर उजाला
ख्याली पुलाव की थाली लेकर पहुंचे नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि यह ख्याली पुलाव की थाली है। सरकार ने यह किसानों के लिए कहा था कि उनकी आय दुगुनी होगी। किसान खाली थाली में सपना देख रहा है। एमएसपी नहीं मिल रही है। युवाओं के लिए नौकरियों के द्वार खोले जाने की भी बात कही गई थी, बड़-बड़े पोस्टर और विज्ञापन लगे लेकिन पिछले 2 साल से सरकार कोई भर्ती नहीं कर पा रही है। युवा सपना देख रहे हैं कि ख्याली पुलाव की सरकार उन्हें नौकरी देगी। लाडली बहन इंतजार कर रही है कब उन्हें 3000 रुपये मिलेंगे। बिजली के बिल कम नहीं हुए बिजली के बल बढ़ रहे हैं। आम व्यक्ति परेशान है। यही हाल अस्पतालों का है स्टाफ नहीं है, डॉक्टर नहीं है। सरकारी अस्पतालों में ठीक से लोगों का इलाज नहीं होता। आदमी जिंदा रहने के लिए संघर्ष कर रहा है।
10:37 AM, 19-Feb-2026
MP Assembly Session Live: पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बजट को बताया ‘अज्ञानी’, जर्जर स्कूल भवनों का मुद्दा उठा
मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का आज चौथा दिन है। सदन में पेयजल व्यवस्था, वित्तीय अनियमितता और नई आबकारी नीति जैसे विषयों पर सरकार को घेरने की तैयारी है। दो ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर चर्चा के साथ करीब 80 याचिकाएं पेश की जाएंगी।
भाजपा विधायक अजय विश्नोई ने जबलपुर में घर-घर नर्मदा जल पहुंचाने की योजना में कथित अव्यवस्थाओं को लेकर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव रखा है। वे योजना के क्रियान्वयन, गुणवत्ता और समन्वय पर सरकार से जवाब तलब करेंगे। कांग्रेस विधायक फुंदेलाल मार्को ने अनूपपुर जिले के शासकीय स्नातक महाविद्यालय, पुष्पराजगढ़ में कथित वित्तीय अनियमितता का मामला उठाया है। उच्च शिक्षा विभाग से इस संबंध में जवाब और जांच की मांग की जा रही है।
उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा वाणिज्यिक कर एवं आबकारी विभाग से जुड़ी वर्ष 2026-27 की नई आबकारी नीति पर सदन में विस्तृत वक्तव्य देंगे। राजस्व, नियंत्रण व्यवस्था और पारदर्शिता के मुद्दों पर चर्चा संभावित है। सदन में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा जारी है। विभिन्न दलों के विधायक सरकार की प्राथमिकताओं और घोषणाओं पर अपने विचार रखेंगे।
