10:53 AM, 20-Feb-2026

बजट सत्र के पांचवें दिन नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का हमला

बजट सत्र के पांचवें दिन नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कैलाश विजयवर्गीय पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भागीरथपुरा का मुद्दा कैलाश विजयवर्गीय के दिमाग से नहीं निकल रहा है। मैंने सदन में अडानी को बिजली दिए जाने का मामला उठाया, जिसमें जनता के हितों की अनदेखी हो रही है। सिंगरौली में आदिवासियों की जमीन खाली कराई जा रही है, वह भी अडानी के लिए। इन मुद्दों को उठाने पर मुझे मेरी औकात बताने की बात कही जाती है। मैं जनप्रतिनिधि हूं और जनता की आवाज उठाता रहूंगा।

10:27 AM, 20-Feb-2026

अन्य मुद्दे भी सूची में शामिल

सतना सहित प्रदेश में धान मिलिंग नीति के तहत अपग्रेडेशन राशि के आदेश लंबित रहने से प्रभावित राइस मिल उद्योग का विषय भी उठेगा। वनाधिकार कानून 2006 के तहत सामुदायिक वन संसाधन अधिकार दावों पर रोक का मामला भी सदन में रखा जाएगा। उज्जैन जिला शिक्षा केंद्र द्वारा कर्मचारियों का भविष्य निधि अंशदान जमा नहीं किए जाने का मुद्दा भी चर्चा में शामिल है। भोपाल स्थित “लुंबनी परिसर” फ्लैट्स को विशेष कर छूट दिए जाने का विषय भी सूची में है। वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा प्रदेश से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर सीएजी की रिपोर्ट सदन में प्रस्तुत करेंगे। साथ ही मध्य प्रदेश स्टेट फाइनेंशियल कॉर्पोरेशन वर्ष 2025 का वार्षिक प्रतिवेदन भी पेश किया जाएगा। बजट पर चर्चा के लिए समय निर्धारण भी आज की कार्यसूची में शामिल है।

10:27 AM, 20-Feb-2026

नियम 138(1) के तहत महत्वपूर्ण विषयों पर होगी चर्चा

नियम 138(1) के तहत 10 महत्वपूर्ण ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर चर्चा तय की गई है। अलग-अलग जिलों और विभागों से जुड़े गंभीर मामलों को लेकर सदस्य संबंधित मंत्रियों का ध्यान आकर्षित करेंगे। छिंदवाड़ा जिले के ग्राम अंबाड़ा से गुमशुदा नाबालिग बच्चियों की तलाश के लिए विशेष पुलिस दल गठित कर उच्च स्तरीय जांच की मांग उठेगी। इस मुद्दे पर सदस्य सोहनलाल बाल्मीकि मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित करेंगे।

ग्वालियर स्थित राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय में विभिन्न भर्ती प्रक्रियाओं की जांच कर उन्हें निरस्त करने की मांग भी सदन में रखी जाएगी। प्रदेश में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी, स्थाई कर्मियों और कार्यभारित कर्मचारियों को नियमित कर्मचारियों के समान वेतनमान और सुविधाएं देने की मांग को लेकर उपमुख्यमंत्री (वित्त) का ध्यान आकर्षित किया जाएगा।

इसके अलावा बाणसागर परियोजना के विस्थापितों को आवंटित भूमि और भूखंड की रजिस्ट्री शासन स्तर पर कराने का मुद्दा उठेगा। धार जिले के बाग थाने में छात्रों पर दर्ज प्रकरण वापस लेने की मांग भी की जाएगी। किसानों को सोलर पंप योजना के तहत 90 प्रतिशत सब्सिडी नहीं मिलने का मामला भी चर्चा में रहेगा।

10:20 AM, 20-Feb-2026

MP Assembly Session 2026 Live: ‘मैं जनता की आवाज उठाता रहूंगा’, उमंग सिंघार ने साधा कैलाश विजयवर्गीय पर निशाना

मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का आज पांचवां दिन है। आज सदन में बजट पर चर्चा होगी। इसके लिए कुल चार घंटे का समय तय किया गया है। सदन में तीन अशासकीय संकल्प भी पेश किए जाएंगे। हर संकल्प के लिए 30-30 मिनट का समय निर्धारित है। इसके अलावा 10 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव और 74 याचिकाएं भी सदन में आएंगी। वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा और मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर सदन की कार्यवाही के दौरान पटल पर पत्र रखेंगे।

19 फरवरी को सदन में हुआ था हंगामा

मध्य प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र जारी है। 19 फरवरी को सदन में हंगामा हुआ था। संसदीय मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को ‘औकात में रहो’ कह दिया था। इस टिप्पणी के बाद विपक्ष ने कड़ा विरोध किया। बाद में मुख्यमंत्री यादव ने इस पर माफी मांगी। इधर, रात में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कांग्रेस विधायकों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। उन्होंने भोपाल स्थित अपने आवास पर रात्रिभोज का आयोजन किया। कमलनाथ ने सोशल मीडिया पर फोटो साझा करते हुए लिखा कि मध्य प्रदेश कांग्रेस विधायक दल और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक हुई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एकजुट होकर जनता के मुद्दे उठाती रहेगी। इस पोस्ट के बाद सियासी हलकों में चर्चा शुरू हो गई है कि विपक्ष सरकार को घेरने के लिए नई रणनीति बना सकता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *