मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। तीन सीटों पर होने वाले चुनाव से पहले भारत आदिवासी पार्टी (BAP) ने भी अपना उम्मीदवार उतारने का ऐलान किया है। सैलाना (रतलाम) से विधायक कमलेश्वर डोडियार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित प्रमुख नेताओं को पत्र लिखकर समर्थन मांगा है। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस दोनों ही आदिवासी क्षेत्रों में जाकर वोट मांगते हैं और उनके हितों की बात करते हैं, ऐसे में अब आदिवासी समाज की आवाज को राज्यसभा तक पहुंचाने के लिए BAP के उम्मीदवार का समर्थन करना चाहिए।
ये भी पढ़ें- MP News: मध्यप्रदेश में राजनीतिक नियुक्तियां शुरू, राज्य वित्त आयोग का गठन, जयभान सिंह पवैया बने अध्यक्ष
डोडियार ने अपने पत्र में लिखा है कि भारत आदिवासी पार्टी देशभर में आदिवासी अधिकारों, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के लिए काम कर रही है और राज्यसभा में प्रतिनिधित्व चाहती है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी का प्रभाव राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में है, और संसद में प्रतिनिधित्व मिलने से आदिवासी मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती मिलेगी। उन्होंने सभी दलों से अपील की है कि वे अपने विधायकों को BAP उम्मीदवार के समर्थन के निर्देश दें।
ये भी पढ़ें- विकसित भारत युवा संसद 2026: मंत्री विश्वास सारंग बोले- युवा भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के ध्वजवाहक
इधर, राज्यसभा की जिन तीन सीटों पर चुनाव होना है, उनमें भाजपा के केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन, डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी और कांग्रेस के दिग्विजय सिंह का कार्यकाल 19 जून 2026 को समाप्त हो रहा है। विधानसभा में 163 विधायकों के साथ भाजपा की स्थिति मजबूत है, जिससे उसकी दो सीटें लगभग तय मानी जा रही हैं। वहीं कांग्रेस के पास फिलहाल 63 विधायक हैं, जबकि एक सीट जीतने के लिए 58 वोट जरूरी हैं। ऐसे में क्रॉस वोटिंग या अनुपस्थिति की स्थिति में कांग्रेस की सीट पर खतरा बना हुआ है। हाल के अन्य राज्यों में हुए उदाहरणों से यह आशंका और बढ़ गई है।
ये भी पढ़ें- MP News: मुख्यमंत्री यादव बोले- आनंद पैसे या भौतिक वस्तुओं में नहीं, संतुष्ट मन और आंतरिक खुशी में
