टाइगर स्टेट मध्य प्रदेश में ग्वालियर के गांधी प्राणी उद्यान (चिड़ियाघर) से 20 माह में दूसरी बार खुशखबरी आई है। यहां सफेद मादा टाइगर मीरा ने तीन शावकों …और पढ़ें

HighLights
- ग्वालियर चिड़ियाघर में फिर गूंजी किलकारी
- सफेद बाघिन मीरा ने 3 शावकों को दिया जन्म
- चिड़ियाघर में टाइगरों की संख्या बढ़कर दस
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। टाइगर स्टेट मध्य प्रदेश में ग्वालियर के गांधी प्राणी उद्यान (चिड़ियाघर) से 20 माह में दूसरी बार खुशखबरी आई है। यहां सफेद मादा टाइगर मीरा ने तीन शावकों को जन्म दिया है। नवजात शावकों में दो पीले (रायल बंगाल) और एक सफेद टाइगर है। अब चिड़ियाघर में टाइगरों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है, जिनमें चार सफेद और छह पीले टाइगर शामिल हैं। इनमें चार नर, तीन मादा और तीन शावक हैं।
20 माह में दूसरी बार बनी मां
इससे पहले मीरा ने ही ठीक 20 माह पहले पांच अगस्त 2024 को तीन शावकों को जन्म दिया था। जू क्यूरेटर गौरव परिहार ने बताया कि मादा टाइगर मीरा और उसके तीनों शावक पूरी तरह स्वस्थ हैं। मीरा को फिलहाल हल्का आहार दिया जा रहा है ताकि उसकी सेहत बेहतर बनी रहे। बता दें कि ग्वालियर में पिछले डेढ़ दशक से पीले के साथ ही सफेद टाइगर रहते हैं। यहां टाइगरों की बेहतर ब्लड लाइन है, जिससे उनके कुनबे में लगातार वृद्धि होती रहती है।
देश भर के चिड़ियाघरों को मिले 22 बाघ
इसके अलावा चिड़ियाघर में जन्मे टाइगरों के बदले अन्य चिड़ियाघरों से वन्य प्राणियों का विनिमय आसान हो जाता है। चिड़ियाघर के टाइगर के बदले देश के अन्य चिड़ियाघरों से वन्य प्राणियों की अदला-बदली की जाती है। पिछली बार बिलासपुर स्थित कानन पेंडारी जू को सफेद टाइगर दिया गया था, जिसके बदले भेड़िया और भालू आदि वन्य प्राणी लाए गए थे।
यह भी पढ़ें- मेरा UPI वर्क नहीं कर रहा, हेल्प चाहिए 50 हजार की, इमरजेंसी है?… बड़वानी कलेक्टर का WhatsApp हैक; अलर्ट जारी
बाघिन मीरा का जन्म यहीं ग्वालियर चिड़ियाघर में दिल्ली से लाई गई एक सफेद बाघिन से हुआ था और तब से वह यहीं शावकों को जन्म देती आ रही है। ग्वालियर चिड़ियाघर ने भारत भर के अन्य चिड़ियाघरों को लगभग 21-22 बाघ और बाघिन प्रदान किए हैं।
