नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मीडिया को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश एक कृषि प्रधान राज्य है और देश की अर्थव्यवस्था में उसका बड़ा योगदान है। कृषि क्षेत्र में गेहूं, धान और सोयाबीन उत्पादन के मामले में मध्य प्रदेश देश में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। किसानों की उत्पादन क्षमता बढ़ाने और फसलों में होने वाली बीमारियों की समय पर पहचान व रोकथाम के लिए एआई का किस तरह उपयोग किया जा सकता है, इस पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है और मध्य प्रदेश भी इसमें अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार चिकित्सा के क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई का बढ़ता हुआ उपयोग करेगी। एआई की मदद से बीमारियों की समय पर पहचान और सही इलाज संभव होगा। आने वाले समय में राज्य सरकार कई और कंपनियों के साथ काम करेगी और उनके निवेश का लाभ लेगी। उन्होंने बताया कि बड़े और छोटे शहरों में आईटी पार्क को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।
#WATCH दिल्ली: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, “… हमारा राज्य कृषि प्रधान राज्य है और हमारा देश में बहुत बड़ा योगदान है… प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है और मध्य प्रदेश इसमें अपनी बड़ी भूमिका अदा कर रहा है। हम चिकित्सा के क्षेत्र में AI का… pic.twitter.com/SFFgW0QuBy
— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 20, 2026
‘कई कंपनियों को किया गया है आमंत्रित’
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार ने कई कंपनियों के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) किए हैं और कई कंपनियों को निवेश के लिए आमंत्रित भी किया है। समिट के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गूगल के अधिकारियों के साथ भी बैठक की और तकनीकी सहयोग को लेकर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने कहा, “एआई के साथ जुड़कर दुनिया के साथ कदम मिलाने का यह बहुत अच्छा मौका है। मैं अपने अधिकारियों के साथ यहां आया हूं। हम यह समझने आए हैं कि हमारे राज्य के लिए क्या बेहतर है और हम दुनिया के साथ कैसे साझेदारी कर सकते हैं, ताकि मध्य प्रदेश आगे बढ़ सके।” सीएम मोहन यादव इस समिट में बड़ी वैश्विक तकनीकी कंपनियों से एक-एक कर बैठक कर रहे हैं। इन बैठकों में एडवांस्ड सेमीकंडक्टर, क्लाउड कंप्यूटिंग, डेटा सेंटर, साइबर सुरक्षा, जनरेटिव एआई और स्वदेशी एआई मॉडल जैसे विषयों पर चर्चा हो रही है। इसके अलावा उन्होंने टियर-2 शहरों से आए स्टार्टअप्स और युवा इनोवेटर्स से भी मुलाकात की। उन्होंने उनके एआई से जुड़े काम के बारे में जानकारी ली और उनके प्रयासों की सराहना की।
