मुरैना जिले में आज एक बार फिर रेत माफियाओं ने वनरक्षक को कुचल दिया। मौके पर ही वनरक्षक की दर्दनाक मौत हो गई। वारदात दिमनी थाना इलाके में रानपुर गांव चौराहे की है। घटना के बाद सीसीटीवी सामने आया है, जिसमें आरोपी वनरक्षक को कुचलने के बाद मौके से फरार हो गया और उसके बाद एक पेट्रोल पंप पर पहुंचा, जहां उसने अवैध रेत भरी ट्रॉली को खाली किया और उसके बाद मौके से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि वन रक्षक हरकेश गुर्जर को जिस ट्रैक्टर से कुचला गया है, उसके मालिकों में दो लोगों के नाम सामने आए हैं। इनमें से एक का नाम पवन तोमर है, वहीं दूसरे का नाम सोनू चौहान बताया जा रहा है ये पार्टनर हैं, जो भाजपा के युवा नेता बताए जा रहे हैं। वहीं वन विभाग के रेंजर अधिकारी वीर कुमार तिर्की द्वारा दिमनी थाने में दिया गया आवेदन लगा है। इसमें तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की गई है। इनमें ट्रैक्टर मालिक सोनू चौहान और पवन तोमर समेत ड्राइवर विनोद कोरी के नाम हैं। ट्रैक्टर सोनू और पवन ने साझेदारी में खरीदा था।
ये भी पढ़ें- MP की एक और सोनम: 11 साल की शादी पर भारी पड़ा नौ साल का प्यार, आशिक के साथ दस दिन पहले रच ली थी खौफनाक साजिश
बता दें कि बुधवार सुबह लगभग 6 बजे वन विभाग की टीम रूटीन गश्त पर निकली थी। इसी दौरान सामने से अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली आ रही थी। टीम ने रुकने का इशारा किया तो आरोपी ड्राइवर विनोद कोरी ने रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भागने की कोशिश की। वनरक्षक हरकेश गुर्जर रोकने के लिए आगे बढ़े तो विनोद ने उनको कुचल दिया। फिर ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भाग निकला। घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़, एसपी समीर सौरभ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर टीम में गठित करके ट्रैक्टर ट्राली को जब्त कर लिया है। वहीं आरोपी अभी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।
सीएम से बात करेंगे : खंडेलवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी कार्यक्रम के लिए मुरैना पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि घटना की मुझे अभी जानकारी मिली है, ये घटना निंदनीय है। मैं इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री से बात करूंगा। अगर ऐसी कोई घटना होती है तो निश्चित तौर पर अंकुश लगना चाहिए और कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं घटना के बाद वनरक्षक हरकेश गुर्जर का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव जनकपुर में किया गया। मुखाग्नि उनके चाचा के बेटे सोनू गुर्जर ने दी। हरकेश अपने पीछे पत्नी लवली गुर्जर, दो साल के बेटे तन्मय और 4 साल की बेटी तन्वी को छोड़ गए हैं।
