सबलगढ़ के रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बामसोली घाटी में रविवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के मुताबिक ट्रॉली में सवार सभी लोग बराकला और रामपुर गांव के निवासी थे। वे किसी सामाजिक या धार्मिक कार्यक्रम से वापस अपने गांव लौट रहे थे।मृतक और घायल सभी धाकड़ समाज से जुड़े बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को ट्रॉली से बाहर निकाला। सभी घायलों को सबलगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से कुछ की हालत गंभीर होने पर उन्हें मुरैना और ग्वालियर रेफर कर दिया गया।
ये भी पढ़ें- कफ सिरप कांड: छिंदवाड़ा के बाद अब बैतूल में दो मासूमों की मौत, अब तक 16 बच्चों की जान ले चुका जहरीला सिरप
हादसे की सूचना मिलते ही रामपुर थाना पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सबलगढ़ पीएम हाउस भेज दिया गया है।पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि ट्रॉली में अधिक संख्या में लोग सवार थे और घाटी में मोड़ पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
