राजधानी भोपाल में एलपीजी गैस की किल्लत को लेकर सियासत तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को शहर में अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने गैस सिलिंडर और पाइप लेकर नाले के पास पहुंचकर उसमें से गैस भरने का प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया और सरकार की नीतियों पर तीखा तंज कसा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि शहर में गैस की कमी के कारण आम लोगों से लेकर छोटे होटल और ढाबा संचालकों तक को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। हालात ऐसे हो गए हैं कि कई जगहों पर गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लग रही हैं और लोगों को समय पर सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है।
नाले से गैस भरने का प्रतीकात्मक प्रदर्शन
यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता खाली सिलिंडर और पाइप लेकर नाले के पास पहुंचे और वहां से गैस भरने की प्रतीकात्मक कोशिश की। इस दौरान उन्होंने कहा कि अगर गैस की किल्लत इसी तरह बनी रही तो आने वाले समय में लोगों को नालों से ही गैस ढूंढनी पड़ेगी। यह प्रदर्शन सरकार का ध्यान इस समस्या की ओर खींचने के लिए किया गया।
पीएम ने कहा था नाले-नाली से गैस बनती है
यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अमित खत्री ने कहा कि आज नाले से गैस निकालने का काम किया गया क्योंकि हमारे देश के प्रधानमंत्री ने बोला था कि नाले से नाली से गैस बनेगी तो हमने ऐसा प्रयास किया कि हमारे देश की जनता को कहीं ना कहीं फायदा मिल जाए। अगर नाले से गैस बनती है तो। लेकिन उनकी बातें झूठी निकली ना तो नाले से कोई गैस बनती है ना कुछ होता है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि गैस की किल्लत और कालाबाजारी पर जल्द रोक नहीं लगी तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर चरणबद्ध तरीके से प्रदर्शन जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें-गैस आपूर्ति को लेकर सीएस ने की कलेक्टरों के साथ बैठक, अफवाह रोकने और व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश
सरकार पर लगाए लापरवाही के आरोप
कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने आरोप लगाया कि गैस की सप्लाई व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित हो चुकी है, लेकिन सरकार इस पर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रही है। उनका कहना था कि गैस की कमी का असर सबसे ज्यादा छोटे व्यवसायों और आम परिवारों पर पड़ रहा है। यूथ कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजधानी में यदि समय पर गैस उपलब्ध नहीं होगी तो होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबार भी प्रभावित होंगे। इससे हजारों लोगों की रोजी-रोटी पर असर पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें-भोपाल के छोटे होटल होने लगे बंद, बड़े रेस्टोरेंट इंडक्शन पर पका रहे खाना, डोसा बनाने की आई मशीन
गैस सप्लाई सामान्य करने की मांग
प्रदर्शन के दौरान यूथ कांग्रेस ने सरकार से मांग की कि घरेलू और कमर्शियल गैस सिलिंडरों की सप्लाई जल्द से जल्द सामान्य की जाए। साथ ही गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाया जाए ताकि लोगों को परेशान न होना पड़े। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गैस संकट का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
