रायसेन जिले के बरेली थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे-45 किनारे स्थित ग्राम करहैया कला में बन रही शुगर मिल से जुड़ा एक बड़ा आर्थिक घोटाला सामने आया है। इस मामले ने स्थानीय उद्योग और श्रमिक व्यवस्था दोनों को झकझोरकर रख दिया है। मिल निर्माण करा रहे कारोबारी अनिल रघुवंशी के साथ करीब 2 करोड़ 34 लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी होने का मामला उजागर हुआ है।

जानकारी के अनुसार, मिल निर्माण के लिए भारी मात्रा में लोहे की आवश्यकता को देखते हुए अनिल रघुवंशी ने छिंदवाड़ा निवासी रिजवान उर्फ इमरान खान से 700 से 750 टन लोहे की सप्लाई का सौदा किया था। इस व्यापारिक समझौते के तहत रघुवंशी ने आरटीजीएस के माध्यम से आरोपी द्वारा बताए गए बैंक खातों में कुल 4 करोड़ 55 लाख रुपए से अधिक की राशि ट्रांसफर कर दी।

शुरुआत में आरोपी ने करीब 2 करोड़ 20 लाख रुपए के लोहे की आपूर्ति कर भरोसा कायम किया, लेकिन इसके बाद शेष सामग्री भेजने के बजाय व्हाट्सएप के माध्यम से फर्जी बिल और बिल्टी भेजकर माल भेजने का झांसा दिया। लंबे समय तक न तो माल पहुंचा और न ही रकम वापस की गई, तब पीड़ित को धोखाधड़ी का एहसास हुआ।

पढ़ें: गुना में पति की हैवानियत: पत्नी को डीजल डालकर जिंदा जलाया, इलाज के दौरान मौत; नशे में आकर कर दिया कांड

इस पूरे मामले में करीब 2 करोड़ 34 लाख 47 हजार 69 रुपए की ठगी सामने आई है। पीड़ित की शिकायत पर बरेली थाने में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। हालांकि एफआईआर दर्ज हुए डेढ़ महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है, जिससे पीड़ित व्यापारी में आक्रोश है।

इस आर्थिक घोटाले का सीधा असर शुगर मिल के निर्माण कार्य पर पड़ा है। परियोजना में कार्यरत मजदूरों को पिछले तीन-चार महीनों से वेतन नहीं मिला है, जिससे उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। वहीं अन्य सप्लायर भी भुगतान को लेकर असमंजस में हैं, जिससे निर्माण कार्य लगभग ठप हो गया है।

गौरतलब है कि इस शुगर मिल परियोजना के लिए अनिल रघुवंशी ने बैंक से करीब 19 करोड़ रुपए का ऋण लिया था। ऐसे में यह धोखाधड़ी पूरे प्रोजेक्ट की वित्तीय स्थिति पर भी सवाल खड़े कर रही है। मामले में एसडीओपी कुँवर सिंह मुकाती ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उसे पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, न्याय में देरी से परेशान पीड़ित ने सख्त कदम उठाने की चेतावनी दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *