ग्वालियर स्थित जीवाजी विश्वविद्यालय की सेंट्रल लाइब्रेरी की छत से गिरकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। 50 वर्षीय अंगद जाटव थाटीपुर के विवेक नगर के निवासी थे। वे जीवाजी विश्वविद्यालय में माली के पद पर कार्यरत थे।
घटना से पहले अंगद ने पत्नी से फोन पर बात की थी। उन्होंने कहा था कि उन्होंने रजिस्टर पर हस्ताक्षर कर ड्यूटी ज्वाइन कर ली है। घटना के बाद अंगद को घायल अवस्था में जीवाजी विश्वविद्यालय में पढ़ने वाली एक छात्रा के भाई लक्ष्य गुर्जर ने अस्पताल में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
ये भी पढ़ें- यादव जी की लव स्टोरी पर बवाल: जबलपुर में फिल्म के खिलाफ बढ़ा विरोध, यादव महासभा ने सौंपा ज्ञापन
लक्ष्य गुर्जर ने बताया कि जब हम उन्हें अस्पताल ला रहे थे तब अंगद जाटव का कहना था कि मेरा इलाज मत कराओ मुझे मरना है। मुझे 19 दिन हो गए हैं, ये लोग जॉइनिंग नहीं दे रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने यह भी बताया कि इस मामले में जीवाजी विश्वविद्यालय के अधिकारियों से भी पूछताछ की जाएगी। हालांकि अंगद का तबादला 19 दिन पहले सेंट्रल लाइब्रेरी से भाषा अध्ययन विभाग में कर दिया था। आरोप है कि उन्हें 19 दिनों से नई जगह पर जॉइनिंग नहीं दी जा रही थी, जिसके कारण वह तनाव में थे और संभवतः इसी वजह से उन्होंने यह कदम उठाया। परिजनों की ओर से अभी तक किसी पर कोई औपचारिक आरोप नहीं लगाया है।
