उज्जैन जिले की बड़नगर तहसील के ग्राम किलोली स्थित आंगनवाड़ी केंद्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां बच्चों को दिए जाने वाले पोषक आहार में कीड़े और इल्लियां निकलने का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। वीडियो में चावल और अन्य भोजन सामग्री में कीड़े रेंगते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिससे आंगनवाड़ी में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों को दिए जाने वाले भोजन को लेकर लंबे समय से गड़बड़ी की शिकायतें मिल रही थीं। इस बार भोजन सामग्री में कीड़े दिखाई देने पर ग्रामीणों ने इसका वीडियो बनाकर प्रशासन तक शिकायत पहुंचाई।

मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए राजस्व अमले के साथ नायब तहसीलदार प्रियंका जैन को मौके पर जांच के लिए भेजा। नायब तहसीलदार ने आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचकर भोजन सामग्री और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

अधिकारियों के अनुसार, आंगनवाड़ी केंद्र में घर से बनकर आने वाले भोजन में कीड़े मिलने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के बाद नायब तहसीलदार और सीडीपीओ को मौके पर जांच के लिए भेजा गया। जिस केंद्र से भोजन की आपूर्ति की जा रही थी, उसे तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है और बच्चों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर दी गई है।

ये भी पढ़ें- जाको राखे साइयां..: बाइक सवार गर्भवती पुलिया से 20 फीट नीचे गिरी, फिर भी अस्पताल में स्वस्थ बच्ची को दिया जन्म

साथ ही बीएमओ से बच्चों के स्वास्थ्य की भी जांच कराई गई है। फिलहाल किसी भी बच्चे के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव सामने नहीं आया है। हालांकि, इस घटना ने आंगनवाड़ी में बच्चों को दिए जाने वाले पोषण आहार की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने नायब तहसीलदार और सीडीपीओ से जांच प्रतिवेदन मांगा है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है। इसके साथ ही आसपास के अन्य आंगनवाड़ी केंद्रों की भी जांच के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा सामने न आए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *