हीरानगर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद 12 साल की एक छात्रा के साथ दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
इंस्टाग्राम पर हुई थी जान पहचान
मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित छात्रा और आरोपी आरव के बीच कुछ समय पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए बातचीत शुरू हुई थी। आरोपी सेल्स टैक्स कॉलोनी का निवासी है और उसके पिता सेल्स टैक्स विभाग में कार्यरत हैं। दोस्ती के बाद आरोपी ने छात्रा से मेलजोल बढ़ाया और फिर उसके साथ गलत काम किया।
यह भी पढ़ें…
डरा धमकाकर ऐंठे जेवर और नकदी
पीड़ित छात्रा ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने न केवल उसके साथ दुष्कर्म किया बल्कि उसे डराया और धमकाया भी। आरव ने छात्रा से कहा कि उसे किसी को रुपए देने हैं और इसी बहाने उसने छात्रा के घर से सोने के जेवर और नकदी मंगवाकर अपने पास रख लिए। 9 अप्रैल को आरोपी ने दोबारा छात्रा पर दबाव बनाया और उसके साथ फिर से गलत कृत्य किया।
परिजनों की पूछताछ में हुआ खुलासा
मामले का खुलासा तब हुआ जब छात्रा के परिजनों ने घर में जेवर और नकदी गायब देखी। संदेह होने पर जब उन्होंने छात्रा से कड़ाई से पूछताछ की तो वह फूट-फूटकर रो पड़ी और अपनी आपबीती सुनाई। इसके बाद रविवार रात परिजन छात्रा को लेकर हीरानगर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
टीआई सुशील पटेल ने बताया कि छात्रा की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज की। रविवार रात को ही पुलिस की टीम ने आरोपी के घर पर दबिश दी और उसे हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और चोरी गए जेवर व नकदी की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
