इंदौर से नासिक और उदयपुर के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए समर शेड्यूल में बुरी खबर है। इंडिगो एयरलाइंस मार्च के अंत से लागू होने वाले समर शेड्यूल में इन दोनों शहरों के लिए उड़ानों का संचालन बंद करने जा रही है। कंपनी ने न तो इन रूट्स के लिए प्रस्ताव दिया है और न ही मार्च के अंत के बाद की बुकिंग वेबसाइट पर उपलब्ध रखी है।

यह भी पढ़ें कितने और भागीरथपुरा? नलों में आता है मटमैला पानी, खरीदकर प्यास बुझाते खातीपुरा के लोग

डीजीसीए के प्रस्तावित शेड्यूल में उड़ानें गायब

डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन द्वारा 29 मार्च से देशभर के एयरपोर्ट्स पर लागू होने वाले समर शेड्यूल का प्रस्तावित ड्राफ्ट जारी किया गया है। इसमें इंदौर से नासिक और उदयपुर के बीच संचालित उड़ानों का उल्लेख नहीं है। इसका मतलब है कि इंडिगो ने इन रूट्स को जारी रखने के लिए कोई प्रस्ताव नहीं दिया है।

वेबसाइट से भी हटाई गई उड़ानें

इंडिगो एयरलाइंस ने 27 मार्च के बाद उदयपुर और 28 मार्च के बाद नासिक की उड़ानों को अपनी बुकिंग प्रणाली से भी हटा दिया है। इससे साफ संकेत मिलते हैं कि समर शेड्यूल लागू होते ही ये दोनों उड़ानें बंद कर दी जाएंगी। इसका सीधा असर इंदौर से इन शहरों में यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा।

श्रद्धालु और पर्यटक होंगे ज्यादा प्रभावित

इंडिगो इससे पहले इंदौर से शिर्डी के बीच सीधी उड़ान भी बंद कर चुका है, जिसे विंटर शेड्यूल में हटा दिया गया था। इसके बाद श्रद्धालु नासिक के रास्ते शिर्डी पहुंच रहे थे। अब नासिक की सीधी उड़ान बंद होने से शिर्डी जाने वाले श्रद्धालुओं को अतिरिक्त परेशानी होगी। वहीं राजस्थान के प्रमुख पर्यटन स्थल उदयपुर की सीधी फ्लाइट बंद होने से पर्यटकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।

पहले भी कई शहरों से टूट चुका है कनेक्शन

यह पहला मौका नहीं है जब इंदौर का हवाई संपर्क कमजोर हुआ हो। इंडिगो एयरलाइंस पहले भी जोधपुर, प्रयागराज, वाराणसी, सूरत, राजकोट, वडोदरा, बिलासपुर, शिर्डी और गाजियाबाद जैसे शहरों के लिए शुरू की गई उड़ानें बंद कर चुकी हैं। इसके अलावा अन्य एयरलाइंस की अमृतसर, किशनगढ़ और बेलगाम के लिए उड़ानें भी बंद हो चुकी हैं।

फाइनल शेड्यूल में मिल सकती है राहत

अधिकारियों के अनुसार अभी डीजीसीए ने सिर्फ प्रस्तावित समर शेड्यूल जारी किया है। यह शेड्यूल इंदौर एयरपोर्ट के रात 10.30 बजे से सुबह 6.30 बजे तक बंद रहने के समय को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। प्रयास किए जा रहे हैं कि विंटर शेड्यूल से पहले रनवे का काम पूरा कर एयरपोर्ट को फिर से 24 घंटे चालू रखा जाए। ऐसी स्थिति में फाइनल समर शेड्यूल में इंदौर को कुछ नई उड़ानें और नए शहरों की कनेक्टिविटी मिल सकती है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *