तेजाजी नगर थाना क्षेत्र के उमरीखेड़ा में आयोजित एक सगाई समारोह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब खाने-पीने की छोटी सी बात पर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष तक पहुंच गया। इस हिंसक झड़प में एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें…
Indore: सफाई के दौरान एक्वेरियम से मछली उछल कर एक साल बच्चे के गले में फंसी, सर्जरी कर बचाई जान
सगाई कार्यक्रम में भोजन के दौरान उपजा विवाद
तेजाजी नगर टीआई देवेंद्र मरकाम द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान महादेव नगर निवासी शुभम पुत्र संगतनाथ के रूप में हुई है। बुधवार रात शुभम अपने परिवार के साथ उमरीखेड़ा में एक सगाई के कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए गया था। पुलिस की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, समारोह के दौरान भोजन के प्रबंधन को लेकर दो पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हुई थी। देखते ही देखते यह बहस हाथापाई में तब्दील हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
बायपास पर घेराबंदी कर किया जानलेवा हमला
समारोह में हुए विवाद के बाद शुभम अपने साथियों के साथ वहां से वापस घर के लिए निकल गया था। हालांकि, दूसरे पक्ष के लोगों ने उसका पीछा करना नहीं छोड़ा। आरोप है कि हमलावरों ने शुभम को बायपास मार्ग पर घेर लिया और उस पर डंडों तथा पेचकस जैसे नुकीले हथियारों से बर्बरतापूर्वक हमला कर दिया। इस हमले में शुभम बुरी तरह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। आनन-फानन में परिजन उसे चोइथराम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रिश्तेदारों ने ही किया हमला
पुलिस ने इस हत्याकांड के सिलसिले में त्वरित कार्रवाई करते हुए शुभम के दोस्त रितिक, करण और एक अन्य युवक को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में यह तथ्य सामने आया है कि विवाद करने वाले दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार ही हैं। पुलिस अब उन सभी लोगों की तलाश कर रही है जो बायपास पर हुए हमले में शामिल थे।
मृतक के कंधों पर था परिवार का बोझ
मृतक शुभम के परिवार की आर्थिक स्थिति काफी दयनीय है। वह दुकानों पर नींबू-मिर्ची बांधकर अपने परिवार के पालन-पोषण में सहयोग करता था। उसके पिता बारदान गोदाम में श्रमिक हैं और मां भी मजदूरी करती है। शुभम का एक बड़ा भाई भी है, जिसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। इस दुखद घटना के बाद महादेव नगर क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
