मेट्रो स्टेशन निर्माण के लिए रानीसराय क्षेत्र में प्रस्तावित करीब 250 पेड़ों की कटाई के विरोध में 15 फरवरी को रीगल तिराहे पर नाबालिग स्कूली बच्चे प्रदर्शन करेंगे। बच्चों के भविष्य और पर्यावरण संरक्षण को लेकर यह प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है। गौरतलब है कि यहां पर हजारों पक्षी हैं जो इन्हीं पेड़ों पर रहते हैं। शाम के समय शहरवासी इन पक्षियों को दाने डालने भी आते हैं।
यह भी पढ़ें…
इंदौर के डबल डेकर ब्रिज का 80 प्रतिशत काम पूरा, चार माह में मिलेगी सौगात
बच्चों की मानव श्रृंखला बनाकर विरोध
जनहित पर्यावरण मंच के अनुसार भावी पीढ़ी के सुरक्षित भविष्य के लिए पेड़ों की कटाई का विरोध जरूरी है। मंच के आह्वान पर शहर के स्कूली बच्चे रीगल तिराहे पर मानव श्रृंखला बनाकर पेड़ों की कटाई के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेंगे। आयोजन का उद्देश्य शासन-प्रशासन का ध्यान पर्यावरण संरक्षण की ओर आकर्षित करना है।
मेट्रो प्रोजेक्ट के लिए कटेंगे पेड़
मंच के पदाधिकारियों का कहना है कि मेट्रो प्रोजेक्ट के तहत रानीसराय में लगभग 250 पेड़ों को काटने का प्रस्ताव जारी किया गया है। ये पेड़ सैकड़ों पक्षियों का आश्रय स्थल बन चुके हैं। पेड़ों की कटाई से पर्यावरण संतुलन पर गंभीर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
पहले भी हो चुका है धरना प्रदर्शन
जनहित पर्यावरण मंच के बैनर तले पर्यावरणप्रेमी पहले भी लगातार विरोध दर्ज करा चुके हैं। नए साल में 1 जनवरी से 30 जनवरी तक कड़ाके की ठंड में रानीसराय में धरना दिया गया था। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पेड़ों की कटाई पर स्थायी रोक लगनी चाहिए।
हाईकोर्ट ने 16 फरवरी तक लगाई रोक
इस मामले में हाईकोर्ट ने अगली सुनवाई तक, यानी 16 फरवरी तक पेड़ों की कटाई पर रोक लगा दी है। मंच के अनुसार 15 फरवरी का प्रदर्शन इसी दिशा में एक और प्रयास है, ताकि स्थायी समाधान निकल सके और पेड़ों को बचाया जा सके।
