लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को इंदौर आए। भागीरथपुरा पहुंचते ही लोगों का दर्द छलक पड़ा। जनता ने खूब नारेबाजी की और चिल्लाकर कहा कि उन्हें न्याय चाहिए। जिन लोगों ने गंदा पानी पीकर अपनी जान गंवा दी उनके परिजन सड़कों पर उतकर नारेबाजी करते रहे और बोले कि दोषियों को सख्त सजा मिलेगी तभी उन्हें न्याय मिलेगा। राहुल ने उन्हें आर्थिक मदद करने के उद्देश्य से एक एक लाख रुपए के चेक भी दिए लेकिन परिजन पूरे समय न्याय दिलाने की बात कहते रहे।
यह भी पढ़ें…
राहुल के आने से पहले भागीरथपुरा स्थित गार्डन में सभी पीड़ित परिवारों को एकत्र किया गया था। यहां राहुल गांधी ने सामूहिक चर्चा कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पीड़ित परिवारों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से प्रदूषित जल आ रहा था और बार-बार शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। इसी विवशता के कारण उन्हें गंदा पानी पीना पड़ा और परिजनों की जान गई। मृतकों के परिजनों ने यह भी बताया कि क्षेत्र में डायरिया के मामले अभी भी सामने आ रहे हैं और अधिकारियों ने उन्हें पानी उबालकर पीने की सलाह दी है। लोगों ने मांग की कि इस त्रासदी के असली दोषियों को कड़ी सजा मिले। राहुल गांधी का यह दौरा मुख्य रूप से शहर के दूषित जल से प्रभावित क्षेत्रों और पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करने पर केंद्रित रहा।
पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता के चेक वितरित
भागीरथपुरा आने पर सबसे पहले राहुल गांधी ने गीता बाई के परिवार से मुलाकात की और कांग्रेस पार्टी की ओर से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा। इसके पश्चात वे पैदल चलकर जीवनलाल के घर पहुंचे। परिजनों से बातचीत करने के बाद वे सभी पीड़ित परिवारों से सामूहिक रूप से मिलने के लिए निर्धारित स्थल पर पहुंचे।
स्थानीय रहवासियों ने व्यक्त किया आक्रोश
राहुल गांधी की रहवासियों से मुलाकात के दौरान क्षेत्र के लोगों ने चिल्लाकर अपनी पीड़ा व्यक्त की। लोगों ने बताया कि क्षेत्र में आज भी कई स्थानों पर दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है और वे गंदा पानी पीने को विवश हैं। दौरे के दौरान जगह-जगह लोग राहुल गांधी को आवाज लगाकर अपने क्षेत्र की विकट समस्याओं से अवगत कराने का प्रयास करते दिखे।
एयरपोर्ट से सीधे अस्पताल पहुंचे
इससे पहले सुबह 11 बजे राहुल गांधी इंदौर एयरपोर्ट पहुंचे जहां उन्हें रिसीव करने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सज्जन सिंह वर्मा और सत्यनारायण पटेल सहित कई बड़े नेता उपस्थित रहे। राहुल ने एयरपोर्ट पर अधिक समय न बिताते हुए सीधे बॉम्बे हॉस्पिटल की ओर रुख किया जहां वर्तमान में 8 मरीज उपचाराधीन हैं और इनमें से 3 की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
रहवासियों से भी बात की
बॉम्बे हॉस्पिटल में मरीजों का हाल जानने और उनके परिजनों से संवाद करने के पश्चात राहुल गांधी सुबह 11.45 बजे भागीरथपुरा क्षेत्र में पहुंचे। यहां उन्होंने पांच माह के मासूम अव्यान के परिजनों सहित अन्य शोक संतप्त परिवारों से विस्तृत चर्चा की। इसके साथ ही उन्होंने भागीरथपुरा के स्थानीय रहवासियों से भी बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना।
संकरी गलियों में पैदल चलकर पहुंचे राहुल गांधी
दूषित पानी के कारण अपनी जान गंवाने वालों के घर राहुल गांधी व्यक्तिगत रूप से पहुंचे। भागीरथपुरा की संकरी गलियों में अत्यधिक भीड़ और पुलिस की बैरिकेटिंग के कारण राहुल गांधी अपनी कार से उतरकर पैदल ही पीड़ित परिवारों के निवास तक गए। इस दौरान उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, मध्य प्रदेश विधानसभा नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और पार्टी के कई अन्य दिग्गज नेता भी मौजूद रहे।
31 जनवरी तक कांग्रेस का प्रदेशव्यापी आंदोलन चलेगा
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने 17 से 31 जनवरी तक व्यापक आंदोलन की घोषणा की है जो मनरेगा में बदलाव और इंदौर जल त्रासदी के विरोध में होगा। जीतू पटवारी द्वारा गठित जांच कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में इंदौर नगर निगम को इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार ठहराया है। कांग्रेस ने इस मामले में जान गंवाने वाले 24 मृतकों के परिवारों के लिए एक-एक करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग की है।
