इंदौर के रावजी बाजार क्षेत्र में एक पिता ने अपने दो बच्चों के सामने ही फांसी लगाकर जान दे दी। बच्चे पिता को आत्महत्या करने से रोकते रहे लेकिन पिता ने रोते बच्चों के बारे में नहीं सोचा। आत्महत्या का कदम युवक ने पत्नी से हुए विवाद के बाद उठाया।मृतक का नाम मनोज जाटव है। वह एक होटल में कुक था।
बच्चों की आवाज सुनकर आए पड़ोसी
विवाद के बाद मनोज ने फांसी का फंदा बनाया और स्टूल पर चढ़ गया। दोनों बच्चों ने उसे रोकना चाहा, एक बच्चे ने पिता के पैर पकड़कर कहा कि पापा रुक जाओ, लेकिन मनोज ने बच्चों को धक्का दे दिया। इसके बाद वो फांसी के फंदे पर झूल गया। बच्चे जब रोने लगे तो पड़ोसी पहुंचे और मनोज को फांसी के फंदे से नीचे उतारा। इसके बाद शरीर को अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने अस्पताल में शरीर का चैकअप किया। डॉक्टरों के अनुसार अस्पताल लाने से पहले मनोज की मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया गया।
पुलिस के अनुसार मनोज का पत्नी से अक्सर मामूली बात पर विवाद होता था। आर्थिक तंगी के कारण भी अक्सर दोनों झगड़ते थे। शुक्रवार रात को भी दोनों के बीच विवाद हुआ और मनोज ने अपना जीवन समाप्त करने का फैसला लिया। आत्महत्या की जानकारी मिलने के बाद मनोज के परिजन भी इंदौर आ गए। पुलिस अब परिजनों के बयान लेगी।
