इंदौर के लसूड़िया क्षेत्र के सागर समृद्धि एनक्लेव में हुई इंजीनियर शंपा पांडे की मौत के बाद बिल्डिंग में फ्लैट बेचने वाले प्रॉपर्टी ब्रोकर फरार हैं। रहवासियों ने अमर उजाला को बताया कि पेंट हाउस को जिम और योग स्पेस बताकर उन्हें फ्लैट बेचे गए थे। फ्लैट बिकने के बाद पेंट हाउस भी बेच दिया गया और वहां पर लड़के लड़कियां रहने आने लगे जिनकी वजह से रहवासियों को परेशानी होने लगी। जब रहवासियों ने पेंट हाउस मालिक कुलदीप चौधरी से इस विषय में बात की तो विवाद हुआ और बुधवार रात कुलदीप और उसके बेटे मोहनीश ने रहवासियों पर कार चढ़ा दी जिसमें शंपा की जान चली गई।
यह भी पढ़ें-Indore News: इंदौर में पिता-पुत्र ने पड़ोसियों पर चढ़ा दी कार, सॉफ्टवेयर इंजीनियर महिला की मौत; कई लोग घायल
ज्यादा मुनाफे के लालच में बेचे पेंट हाउस
टाउनशिप में रहने वाली वर्षा मिश्रा ने बताया कि लोकेश राणे और विजिता राणे ने यहां पर रहवासियों को फ्लैट बेचे। जब उन्होंने पेंट हाउस के बारे में पूछा तो बताया गया कि वहां पर रहवासियों के लिए जिम और योगा की सुविधा रहेगी। जब हम और अन्य रहवासी यहां पर रहने आ गए तो पेंट हाउस बेच दिया गया। दो माह पहले पेंट हाउस बेचा गया और हम तभी से शिकायत कर रहे थे। लोकेश और विजिता हमेशा हमारी बात टाल देते थे। जब विवाद बढ़ने लगा तो बिल्डिंग के मालिक भरत बाहेती को बुलाया। उन्होंने फ्लैट बेचने का काम लोकेश और विजिता को दिया था। बिल्डर ने कहा कि वह पेंट हाउस में कोई गलत गतिविधि नहीं होने देंगे। इसके बावजूद पेंट हाउस मालिक किराए पर नए नए लोगों को लाता था और उससे रहवासियों को परेशानी होती थी।
घटना के बाद भाग गए प्रॉपर्टी ब्रोकर
वर्षा मिश्रा ने बताया कि घटना के बाद से लोकेश राणे और विजिता राणे फरार हैं। हम दो दिन से उन्हें तलाश कर रहे हैं। यह घटना उन्हीं लोगों की वजह से हुई। पैसों के लालच में उन्होंने और बिल्डर ने पेंट हाउस को महंगी कीमत पर बेच दिया और आज एक महिला की जान चली गई।