इंदौर में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। पिछले सप्ताह जारी तीखी ठंड के बाद तापमान में लगातार इजाफा हो रहा है। दोपहर के समय तो इंदौर में सड़कों पर लोगों के पसीने छूट रहे हैं। रात में भी ठंड गायब है और कोहरा भी बंद हो गया है। शहरवासियों को ठंड से राहत तो मिली है लेकिन अचानक से आई गर्मी परेशान कर रही है। हवाओं की दिशा बदलने को तापमान बढ़ने का मुख्य कारण माना जा रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि सप्ताह के अंत में फिर से ठंड लौटेगी। अभी दो दिन इसी तरह से मौसम में गरमाहट रहेगी।
यह भी पढ़ें
डाॅ.आंबेडकर के पौते ने कहा- निजीकरण के कारण अब आरक्षण कागजों तक सीमित
रात के तापमान की भी छलांग
पिछली दो रातों में उत्तरी हवाओं के कारण ठंड का असर तेज था, लेकिन बुधवार रात हवाओं का रुख पूर्वी होने से न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। इससे ठंड का असर कमजोर पड़ा और मौसम अपेक्षाकृत सुहावना हो गया। रात के पारे में भी इजाफा देखा जा रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बीते दो दिनों तक उत्तरी हवाओं के चलते ठंड का असर बना हुआ था। बुधवार रात के बाद हवाओं का रुख पूर्वी होते ही तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई। बुधवार को दिन का पारा 26.4 डिग्री रहा जिसमें 1.4 डिग्री की उछाल देखी गई और रात का पारा 12.2 रहा जिसमें 3.8 डिग्री की बड़ी उछाल देखी गई। वही गुरुवार को दिन का पारा 28.8 रहा जिसमें 2.4 डिग्री का इजाफा देखा गया और रात का पारा 13.6 डिग्री रहा जिसमें 1.4 डिग्री की बढ़त देखी गई।
सप्ताह के अंत में फिर से लौटेगी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार अभी दो दिन तक तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रहेगा, लेकिन सप्ताह के अंत में एक बार फिर पारा गिरने लगेगा। रविवार तक तीखी ठंड का एहसास हो सकता है, इसके बाद तापमान में दोबारा बढ़ोतरी के संकेत हैं।