इंदौर की विश्वप्रसिद्ध और परंपरागत गेर को लेकर शनिवार को प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय नजर आया। जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से गेर मार्ग का सघन दौरा किया। कलेक्टर शिवम वर्मा, पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह और महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने अन्य वरिष्ठ अधिकारियों और गेर आयोजकों के साथ राजबाड़ा और आसपास के गेर मार्ग पर पैदल चलकर जमीनी हकीकत जानी। इस दौरान व्यवस्थाओं में आने वाली बाधाओं को चिन्हित किया गया और संबंधित विभागों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। मार्ग में जहां भी सड़कों पर गड्ढे हैं वहां पेचवर्क करने और बिजली के लटकते तारों व केबलों को व्यवस्थित करने के लिए कहा गया है ताकि ऊंचे वाहनों और गेर में शामिल लोगों को कोई असुविधा न हो।
यह भी पढ़ें…
सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों में होगा आधुनिक तकनीक का उपयोग
कलेक्टर शिवम वर्मा ने निरीक्षण के उपरांत मीडिया से चर्चा में कहा कि गेर इंदौर की सांस्कृतिक पहचान और शान है। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य इसका सुरक्षित और व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करना है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि गेर मार्ग पर नगर निगम और अन्य संबंधित विभाग युद्धस्तर पर काम करेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने बताया कि इस बार विशेष कैमरों और ड्रोन के माध्यम से पूरे मार्ग की बारीकी से मॉनिटरिंग की जाएगी। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन की टीमें भी मुस्तैद रहेंगी। प्रशासन का प्रयास है कि पिछले अनुभवों से सीख लेते हुए इस बार सुरक्षा के घेरे को और अधिक मजबूत किया जाए ताकि आम जनता बिना किसी भय के इस उत्सव का आनंद ले सके।
ड्राइवरों का होगा कड़ा परीक्षण
गेर में शामिल होने वाली गाड़ियों और उनके चालकों के लिए प्रशासन ने सख्त गाइडलाइन जारी की है। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के अनुसार, सभी गेर संचालकों को एसओपी का पालन करना अनिवार्य होगा। गेर में शामिल होने वाले हर वाहन की मैकेनिकल टेस्टिंग की जाएगी और उनका फिटनेस सर्टिफिकेट चेक किया जाएगा। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि ड्राइवरों का मौके पर टेस्ट किया जाएगा ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि वे नशे की हालत में वाहन न चलाएं। यदि कोई ड्राइवर नशे में पाया जाता है, तो उसे तुरंत हटाकर आयोजकों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी होगी अन्यथा वाहन को गेर से बाहर कर दिया जाएगा। आयोजकों को अपने स्वयं के वॉलेंटियर्स तैनात करने, माइक सिस्टम रखने और प्राथमिक चिकित्सा किट व अग्निशमन यंत्र साथ रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
यूनेस्को हेरिटेज सूची में शामिल कराने की कवायद फिर करेंगे
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने इंदौर की गेर को वैश्विक पटल पर स्थापित करने की बात दोहराई। उन्होंने कहा कि इंदौर की गेर देखने के लिए न केवल देश बल्कि विदेशों से भी बड़ी संख्या में लोग आते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गेर के तुरंत बाद सफाई का रिकॉर्ड बनाने के लिए नगर निगम की टीमें तैयार रहें। महापौर ने बताया कि इस पारंपरिक धरोहर को यूनेस्को की हेरिटेज सूची में दर्ज कराने के लिए इस बार भी पूरी मजबूती के साथ आवेदन किया जाएगा। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे आने वाले अतिथियों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करें और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
