खजराना पुलिस ने एक नाबालिग लड़के की संदिग्ध मौत के मामले की गुत्थी सुलझाते हुए उसके दो दोस्तों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि खेल-खेल में हुए विवाद ने इतना तूल पकड़ लिया कि दोस्तों ने ही उसे कुएं में धकेल दिया जिससे उसकी जान चली गई।

खेल के दौरान हुआ था विवाद

पुलिस के अनुसार समीर राठौर अपने दोस्तों के साथ खेलने के लिए निकला था। पटेल नगर का रहने वाला समीर जब काफी देर तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बाद में उसका शव पुष्प विहार कॉलोनी के पास एक गहरे कुएं में मिला। शुरुआती दौर में समीर के साथ मौजूद दोनों दोस्त पुलिस को गुमराह करते रहे और उन्होंने साथ होने की बात से साफ इनकार कर दिया था।

सख्ती के बाद कबूला सच

थाना प्रभारी मनोज सेंधव ने बताया कि जब संदेही नाबालिगों से कड़ाई से पूछताछ की गई तो उन्होंने पूरी घटना का खुलासा कर दिया। आरोपियों ने स्वीकार किया कि खेल के समय उनकी समीर से कहासुनी हुई थी। इसी विवाद के दौरान उन्होंने समीर के साथ गाली-गलौज की और उसे जोर से धक्का दे दिया। धक्का लगने के कारण समीर सीधे कुएं में जा गिरा।

डर के कारण हो गए थे फरार

समीर को कुएं में गिरता देख दोनों नाबालिग दोस्त बुरी तरह डर गए थे। उन्होंने उसे बचाने या किसी को सूचना देने के बजाय वहां से भागना बेहतर समझा। वे अपने-अपने घर चले गए और चुपचाप सो गए। पुलिस ने अब इन दोनों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या, मारपीट और धमकाने की धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *