अमर उजाला द्वारा शुरू किए गए अभियान (…और कितने भागीरथपुरा) की पहली खबर प्रकाशित होते ही मंत्री तुलसी सिलावट ने एक्शन ले लिया। मंत्री ने सांवेर रोड स्थित क्षेत्रों में उद्योगों द्वारा बहाए जा रहे केमिकल वेस्ट और उससे दूषित होने वाले भूमिगत जल पर अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी और मौके पर जाकर खुद हालात देखे। मंत्री तुलसी सिलावट ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और लापरवाही कर रहे उद्योगों पर नकेल कसने के निर्देश भी दिए। अमर उजाला ने इस विषय पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर बताया था कि किस तरह से यह क्षेत्र भी एक और भागीरथपुरा बनने की राह पर है। उद्योगों के केमिकल वेस्ट के कारण यहां पर पानी दूषित हो रहा है और लोग बीमार हो रहे हैं।
यह भी पढ़ें…
नालों में भी बहा रहे केमिकल युक्त दूषित पानी
सांवेर तहसील के ग्राम कुमेड़ी और भानगढ़ क्षेत्र में उद्योगों द्वारा केमिकल युक्त बदबूदार काला पानी खेतों और खाली जमीन तथा नालों में छोड़ने का मामला संज्ञान में आने पर जल संसाधन मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक तुलसीराम सिलावट ने जिला प्रशासन, नगर निगम और प्रदूषण विभाग के अधिकारियों के साथ नाले में मिल रहे दूषित पानी के स्थल का मौका निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री सिलावट ने प्रदूषण विभाग के अधिकारियों और जिला एवं निगम प्रशासन को निर्देश दिए कि नाले में केमिकल युक्त बदबूदार काला पानी छोड़ने वाले उद्योगों को हिदायत देते हुए पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए।
खेतों में भी पहुंच रहा काला पानी
मंत्री सिलावट ने बताया कि ग्राम कुमेड़ी और भानगढ़ क्षेत्र में उद्योगों द्वारा केमिकल युक्त बदबूदार काला पानी खेतों और खाली जमीन और नालों में छोड़ने का मामला संज्ञान में आने पर मौका निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर निधि वर्मा और अपर आयुक्त नगर पालिक निगम प्रखर सिंह एवं वरिष्ठ पार्षद राजेन्द्र राठौर से चर्चा की और निर्देश दिए कि केमिकल युक्त बदबूदार काला पानी खेतों और खाली जमीन और नालों में छोड़ने वाले उद्योगों पर जिला प्रशासन सख्त कार्यवाही करे।
मंत्री बोले- उद्योगों को दंडित करें
साथ ही एक ही स्थान पर पानी जमा न हो तथा जल स्त्रोतों के आसपास पानी भराव न हो, इसकी निकासी के निराकरण करने के निर्देश दिए। क्षेत्र के सभी जल भराव वाले स्थानों एवं बोरिंगों के पानी की जांच करें और उनमें क्लोरीन आदि डालें। साथ ही कहा कि नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले उद्योगों के खिलाफ सख्त कार्यवाही कर दंडित करें। निरीक्षण के दौरान लकी अवस्थी, राजा ठाकुर, पार्षद संध्या जायसवाल, प्रतिनिधि राधा किशन जायसवाल, मासूम जायसवाल, पार्षद योगेश गेंदर, जोनल ऑफिसर नरेन्द्र कुरील, प्रदुषण विभाग के संजय जैन और सतीश चौकसे उपस्थित रहे।
