नए साल की शुरुआत के साथ ही इंदौर में मौसम ने कड़वे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। ठिठुरन अब केवल रात तक सीमित नहीं है, बल्कि दिन में भी लोग कंपकंपी महसूस कर रहे हैं। लगातार बढ़ती ठंड और शीतलहर की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। इंदौर के सभी स्कूलों में नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के छात्रों के लिए 5 से 7 जनवरी तक तीन दिन का अवकाश घोषित कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें…
Indore News: पांच मिनट में बिक गए इंडिया न्यूजीलैंड मैच के सारे टिकट
कोहरे ने रोकी विमानों की रफ्तार
घने कोहरे के कारण इंदौर का हवाई यातायात बुरी तरह चरमरा गया है। मंगलवार को लगातार चौथे दिन भी कुछ उड़ानों पर असर पड़ा। वहीं दिल्ली तरफ से आने वाली कुछ ट्रेनें अभी भी लेट चल रही हैं। सड़कों पर विजिबिलिटी बहुत कम है और रात में वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। रविवार को शहर में 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सर्द हवाएं चलीं, जिससे दिन का अधिकतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। शनिवार की रात का पारा सामान्य से 2 डिग्री कम यानी 11.8 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में ठंड और अधिक बढ़ेगी। उत्तर-पूर्वी हवाओं के प्रभाव से रात का तापमान एक बार फिर 10 डिग्री से नीचे जा सकता है, जबकि दिन का तापमान 20 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
कोहरे और ठंडी हवाओं से जनजीवन प्रभावित
दिसंबर के मुकाबले जनवरी की ठंड अधिक घातक महसूस की जा रही है क्योंकि अब दोपहर के समय भी राहत नहीं मिल रही है। पिछले 10 वर्षों के रिकॉर्ड बताते हैं कि जनवरी में पारा 5 से 6 डिग्री तक गिरता रहा है। मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में कोई अन्य मौसमी सिस्टम सक्रिय नहीं होने के कारण सीधे तौर पर बर्फीली हवाओं का असर बना रहेगा, जिससे आगामी पूरा महीना कंपकंपाने वाला हो सकता है।
