शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव और जाम की स्थिति को देखते हुए आज ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम की टीम ने स्थानीय पुलिस थानों के बाल के साथ संयुक्त रूप से “क्लीन स्वीप” अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नकेल कसी गई और सड़कों को घेरकर खड़े अतिक्रमण को भी हटाया गया। मुख्य रूप से राजबाड़ा, जेल रोड, नॉवल्टी बाजार और डॉलर मार्केट में हुई इस कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में गाड़ियों को जब्त किया गया। शाम के समय जब बाजारों में सबसे अधिक भीड़ होती है उसी समय को कार्रवाई के लिए चुना गया ताकि सुनिश्चित किया जा सके कि पूरी सड़क का ट्रैफिक जाम क्लियर हो रहा है या नहीं। 

खरीदारी के समय हुई कार्रवाई

पुलिस की यह कार्रवाई मुख्य रूप से राजबाड़ा, सराफा, मारोठिया बाजार और जेल रोड जैसे क्षेत्रों में केंद्रित रही। इन इलाकों में वाहनों की बेतरतीब पार्किंग और फुटपाथ पर दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण के कारण पैदल चलना भी दूभर हो गया था।

दुकानदारों के होर्डिंग और स्टैंडी भी जप्त किए

इस दौरान नो-पार्किंग में खड़े वाहनों और बिना हेलमेट/लाइसेंस वाहन चलाने वालों के खिलाफ मौके पर कार्रवाई की गई। सभी वाहनों को जप्त किया गया। बार-बार चेतावनी के बाद भी कार्रवाई के दौरान सड़क पर बीच में आवाजाही कर रहे वाहनों को पकड़कर क्रेन की मदद से ट्रैफिक थाने भिजवाया गया। वहीं दुकानदारों द्वारा दुकानों के बाहर फैलाए गए सामान और अवैध ठेलों को भी हटाया गया। दुकानदारों के द्वारा सड़कों पर रखे होर्डिंग और स्टैंडी भी पुलिस ने जप्त कर लिए। 

व्यापारियों और जनता की प्रतिक्रिया

व्यापारी हिम्मत सिंह जादौन ने कहा कि व्यापारी इस कार्रवाई का स्वागत करते हैं क्योंकि इससे आवाजाही आसान होगी और अधिक संख्या में ग्राहक आएंगे। हमें भी बार बार गाड़ियां हटाने की परेशानी नहीं होगी और विवाद भी कम होंगे। वहीं कुछ स्थानीय व्यापारियों ने यह भी कहा कि आसपास के क्षेत्रों में पार्किंग के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए। 

पुलिस ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

डीसीपी राजेश कुमार त्रिपाठी द्वारा यातायात पुलिस टीम के साथ मुख्य बाजारों में पैदल भ्रमण किया गया। इस दौरान क्षेत्र के व्यापारीगण भी उनके साथ उपस्थित रहे। भ्रमण के दौरान राजवाड़ा, सराफा, कपड़ा मार्केट, खजूरी बाजार, सुभाष चौक एवं आसपास के पार्किंग स्थलों का निरीक्षण किया गया तथा यातायात व्यवस्था, पार्किंग स्थिति एवं नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया गया। पुलिस उपायुक्त द्वारा दुकानदारों एवं व्यापारियों से अपील की गई कि वे अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों में ही पार्क करें, जिससे दुकानों के बाहर बनी सफेद पट्टी के भीतर ग्राहक अपने वाहन अल्प समय के लिए खड़े कर सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी दुकान के बाहर कोई वाहन लंबे समय तक खड़ा रहता है, तो उसे अवैध पार्किंग की श्रेणी में माना जाएगा।उन्होंने बताया कि ऐसे वाहनों की शिकायत नागरिक एवं व्यापारी यातायात पुलिस व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 7049107620 पर कर सकते हैं, जिस पर यातायात पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई की जाएगी। साथ ही वाहन चालकों से भी अपील की गई कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग में ही खड़े करें एवं नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा कर यातायात बाधित न करें।

टीआई बोले लगातार ट्रैफिक जाम की वजह से बड़ी कार्रवाई की

ट्रैफिक टीआई अरविंद सिंह ने कहा कि इस क्षेत्र में लगातार ट्रैफिक जाम हो रहा है। हम लोगों को कई दिनों से समझाइश दे रहे हैं लेकिन लोग फिर भी नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। इसी वजह से आज ट्रैफिक पुलिस, नगर निगम और स्थानीय थानों की पुलिस के साथ सामूहिक अभियान चलाना पड़ा। आज हमने बड़ी संख्या में वाहन जब्त किए हैं और अब इन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शहर के बाजारों में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाना हमारी प्राथमिकता है। नियमों का उल्लंघन करने वालों और सड़कों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *