मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 29 मार्च को इंदौर प्रवास पर रहेंगे। सुबह 10 बजे सबसे पहले वह इंदौर एयरपोर्ट पर नवीनीकृत T-1 टर्मिनल का लोकार्पण करेंगे। ₹50 करोड़ से बने इस टर्मिनल से एयरपोर्ट की क्षमता बढ़कर 50 लाख यात्री सालाना हो जाएगी। यात्रियों के लिए अब यहां पर UDAN कैफे, फ्री वाई-फाई, Flybrary और ‘अवसर’ स्टॉल जैसी सुविधाएं शुरू होंगी। सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि इंदौर एयरपोर्ट को बड़ी सौगात मिल रही है जो इंदौर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
दशहरा मैदान में नर्मदा परियोजना के चौथे चरण का भी भूमि पूजन करेंगे
इसके बाद सीएम संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत दशहरा मैदान में 10.30 बजे से आयोजित भव्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव संकल्प से समाधान अभियान के तहत विभिन्न योजनाओं के तहत लाभांवित हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण करेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंदौर शहर को पेयजल व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण सहित अनेक विकास कार्यों की महत्वपूर्ण सौगात भी देंगे। इससे शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नर्मदा पेयजल परियोजना के चौथे चरण का भी भूमि पूजन करेंगे। दशहरा मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा विकासात्मक गतिविधियों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई है, जिसमें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में हितग्राहियों एवं नागरिकों की उपस्थिति रहेगी।
अमृत 2.0 योजना का भूमि पूजन भी होगा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत विभिन्न जल आपूर्ति योजनाओं का भूमि पूजन भी करेंगे। अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत नगर पालिक निगम, इंदौर द्वारा जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़, आधुनिक एवं भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। जिसमें इंदौर शहर की भविष्य की आवश्यकता को दृष्टिगत रखते हुये अतिरिक्त 400 एम.एल.डी. जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
20 एमएलडी एसटीपी, सिरपुर तालाब-इंदौर का लोकार्पण भी होगा
इस परियोजना के अंतर्गत लगभग 8.5 किमी सीवर लाईन एवं 5 किमी ट्रीटेड वाटर रीयूज लाइन का निर्माण किया गया है, साथ ही जल वितरण हेतु 0.5 एमएल क्षमता का ओवरहेड टैंक (OHT) भी स्थापित किया गया है। इस व्यवस्था के माध्यम से अब तालाब को सीवर मुक्त बनाते हुए जल की गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित किया जाएगा तथा उपचारित जल का उपयोग शहर के लगभग 25 प्रमुख उद्यानों सहित हरित क्षेत्रों, अग्निशमन एवं अन्य कार्यों में किया जाएगा।
“संकल्प से समाधान” अभियान में भी हितलाभ वितरण करेंगे
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दशहरा मैदान में “संकल्प से समाधान अभियान” के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर हितलाभ वितरण करेंगे। प्रदेश में 12 जनवरी से 31 मार्च 2026 तक संचालित इस अभियान के अंतर्गत इंदौर जिले में 1 लाख 44 हजार 912 आवेदनों का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया। अभियान चार चरणों में संचालित हुआ, जिसमें ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक शिविर आयोजित कर विभिन्न विभागों की 100 से अधिक सेवाओं को शामिल किया गया।
“लॉन्चपैड: इन्क्यूबेशन एवं इनोवेशन सेंटर” का शुभारंभ करेंगे
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को सिंहासा आईटी पार्क में स्थापित “लॉन्चपैड : इन्क्यूबेशन एवं इनोवेशन सेंटर” का शुभारंभ भी करेंगे। सिंहासा आईटी पार्क में स्थापित “लॉन्चपैड : इन्क्यूबेशन एवं इनोवेशन सेंटर” की स्थापना आईआईटीआई दृष्टि सीपीएस फाउंडेशन (आईआईटी इंदौर का टेक्नोलॉजी ट्रांसलेशन एवं रिसर्च पार्क) तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के मध्यप्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एमपीएसईडीसी) के संयुक्त सहयोग से की गई है। इस केंद्र का उद्देश्य डीप-टेक नवाचार को प्रोत्साहित करना, उच्च प्रभाव वाले स्टार्टअप्स को बढ़ावा देना, उन्नत विनिर्माण तथा उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में प्रदेश को सशक्त बनाना और उद्योग एवं अकादमिक जगत के बीच सहयोग को मजबूत करना है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव लॉन्चपैड सेंटर का अवलोकन करेंगे तथा यहां संचालित नवाचार एवं स्टार्टअप गतिविधियों की जानकारी भी प्राप्त करेंगे। यह केंद्र मध्यप्रदेश को डीप-टेक नवाचार आधारित विकास एवं उद्यमिता का अग्रणी केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
